एजेंसी न्यूज

दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं एक जुलाई से शुरू होंगी

'ओपन बुक' माध्यम के तहत छात्र सवालों का जवाब देने के लिये पुस्तकों, नोट्स और अन्य अध्ययन सामग्री का सहारा ले सकेंगे।

दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं एक जुलाई से शुरू होंगी
जमात

नयी दिल्ली, 14 मई दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं एक जुलाई से शुरू होंगी। अगर कोविड-19 से उत्पन्न हालात सामान्य नहीं हुए तो 'ओपन बुक' माध्यम से परीक्षाएं ली जाएंगी। विश्वविद्यालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकरी दी।

'ओपन बुक' माध्यम के तहत छात्र सवालों का जवाब देने के लिये पुस्तकों, नोट्स और अन्य अध्ययन सामग्री का सहारा ले सकेंगे।

छात्र अपने घरों में बैठकर पोर्टल के माध्यम से अपने संबंधित पाठ्यक्रम का प्रश्न पत्र डाउनलोड करेंगे। दो घंटे के अंतराल में उन्हें उत्तर अपलोड करने होंगे।

विश्वविद्यालय ने एक अधिसूचना में कहा कि स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) और गैर कॉलेजिएट महिला शिक्षा बोर्ड (एनसीडब्ल्यूईबी) में पंजीकृत छात्रों समेत स्नातक और स्नातकोत्तर के तृतीय वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं एक जुलाई से शुरू होंगी।

अधिसूचना में कहा गया है, ''इन सभी परीक्षाओं को रविवार समेत एक दिन में दो घंटे के तीन सत्रों में आयोजित किया जाएगा। इस महीने के अंत तक एक विस्तृत परीक्षा तिथि अधिसूचित किए जाने की संभावना है।''

अधिसूचना के अनुसार, ''अगर कोविड -19 से उत्पन्न हालात सामान्य नहीं होते हैं तो छात्रों की सामाजिक मेलजोल से दूरी, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय स्नातक और स्नातकोत्तर के तृतीय वर्ष के छात्रों के लिये परीक्षाओं के वैकल्पिक मोड यानी ओपन बुक एग्जामिनेशन (ओबीई) को अपनाएगा।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 07:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).