देश की खबरें | आगरा में अनियंत्रित बस चार दुकानों को रौंदती हुई पेड़ से टकरायी, चालक की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आगरा-ग्वालियर राजमार्ग पर एक अनियंत्रित बस चार दुकानों को रौंदती हुई एक पेड़ से जा टकरायी जिससे चालक की मौत हो गयी तथा कुछ यात्री घायल हो गये।

आगरा (उप्र), 25 नवंबर आगरा-ग्वालियर राजमार्ग पर एक अनियंत्रित बस चार दुकानों को रौंदती हुई एक पेड़ से जा टकरायी जिससे चालक की मौत हो गयी तथा कुछ यात्री घायल हो गये।

मलपुरा थाना प्रभारी ईश्वर सिंह तोमर ने बताया कि सुबह करीब पौने दस बजे मलपुरा गांव के बाद फ्लाईओवर के पास चालक को गहरी झपकी आ गई जिससे तेज रफ्तार वोल्वो बस बेकाबू हो गई और वह चार दुकानों को रौंदती हुई एक पेड़ से जा टकरायी।

तोमर ने बताया कि पुलिस ने लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को को बाहर निकाला तथा चालक समेत गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार डॉक्टरों ने बस चालक हेमंत (38) को मृत घोषित कर दिया जो राजस्थान के धौलपुर जिले के पंचगाई का निवासी था। पुलिस ने हेमंत के परिजन को इस घटना के बारे में जानकारी दे दी है।

पुलिस के अनुसार बस धौलपुर से चली थी और उसमें करीब 60 यात्री थे।

राजमार्ग किनारे स्थित पान मसाले की दुकान के संचालक जगदीश ने बताया कि बस की चपेट में आने से उसकी दुकान पूरी तरह टूट गई।

अन्य दुकानदार स्वामी रणधीर ने बताया कि उसका काफी नुकसान हुआ है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now