देश की खबरें | खारकीव में भारतीय छात्र की मौत पर यूक्रेन ने दुख जताया

नयी दिल्ली, एक मार्च खारकीव शहर में भीषण गोलाबारी के दौरान एक भारतीय छात्र की मौत पर यूक्रेन ने मंगलवार को दुख जताया और दुनिया के अन्य देशों के नेताओं से रूस के हमलों को रोकने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बनाने की अपनी अपील दोहराई।

यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा ने अपने देश को मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए भारत का शुक्रिया भी अदा किया। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री लेकर गया पहला विमान आज रात पोलैंड में उतर सकता है।

राजदूत ने यूक्रेन पर रूस के हमलों की तुलना ‘राजपूतों के खिलाफ मुगलों के नरसंहार’ से भी की।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम मोदी जी समेत सभी प्रभावशाली वैश्विक नेताओं से अपील कर रहे हैं कि वे अपने संसाधनों का पुतिन के खिलाफ इस्तेमाल करें ताकि यूक्रेन पर हमले रोक दिये जाएं। रूस को बम हमले और गोलाबारी बंद करना चाहिए।’’

विदेश मंत्रालय में एक बैठक के बाद राजदूत ने कहा कि उन्होंने खारकीव में कर्नाटक के नवीन शेखरप्पा ज्ञानगौदर की मौत पर संवेदना प्रकट की।

उन्होंने कहा कि रूस की सेना अब असैन्य इलाकों में निशाना साध रही है।

भारत ने इस घटना के बाद रूस और यूक्रेन दोनों के राजदूतों से कहा था कि अब भी खारकीव और यूक्रेन के युद्ध प्रभावित अन्य शहरों में फंसे भारतीय नागरिकों को तत्काल सुरक्षित तरीके से निकाला जाए।

कर्नाटक के हावेरी जिले के चलगेरी निवासी ज्ञानगौदर यूक्रेन के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)