विदेश की खबरें | ब्रिटेन के कैरियर स्ट्राइक ग्रुप ने भारतीय नौसेना के साथ समुद्री अभ्यास शुरू किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. (अदिति खन्ना)

(अदिति खन्ना)

लंदन, 22 जुलाई ब्रिटेन की सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि विमानवाहक पोत एचएमएस क्वीन एलिजाबेथ के नेतृत्व में ब्रिटेन का कैरियर स्ट्राइक ग्रुप (सीएसजी), 2021 तीन दिनों के अभ्यास के लिए बंगाल की खाड़ी में भारतीय नौसेना के साथ मिल गया है।

भारतीय नौसेना और रॉयल नेवी के बीच इस समुद्री साझेदारी अभ्यास में दोनों नौसेनाएं पोत, वायु, समुद्र और उप-सतही समुद्री संरचनाओं का अभ्यास करेंगी।

ब्रिटेन की सरकार ने कहा कि इस अभ्यास से दोनों देशों की नौसेनाओं को शरद ऋतु में अगले अभ्यास से पहले अपनी अंतःक्रियाशीलता और सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा जब सीएसजी हिंद महासागर में वापस लौटेगा।

इस संयुक्त युद्धाभ्यास में 10 जहाज, दो पनडुब्बी, लगभग 20 विमान और करीब 4,000 नौसैनिक हिस्सा ले रहे हैं।

ब्रिटेन की नौसेना रॉयल नेवी के एडमिरल सर टोनी रडाकी ने कहा, "यह एक ऐसा महीना है जब रॉयल नेवी और भारतीय नौसेना मिलकर दो महासागरों में संयुक्त अभ्यास करेंगी। इसकी शुरुआत हिंद महासागर में होगी।’’

एडमिरल सर टोनी रडाकी ने कहा, " गर्मियों के बाद दोनों देशों की नौसेनाएं अटलांटिक महासागर में भी एक संयुक्त अभ्यास करेंगी। यह संयुक्त अभ्यास हमारी नौसेनाओं के बीच बढ़ते संबंधों की ताकत, ऊर्जा और महत्व का प्रमाण है।"

भारतीय नौसेना का एक जहाज अगस्त में ब्रिटेन के तट पर भी एक अभ्यास में हिस्सा लेगा।

गौरतलब है कि यह संयुक्त अभ्यास सामरिक दृष्टि से भारत-ब्रिटेन के बीच रक्षा क्षेत्र में बढ़ती हुई साझेदारी और सहयोग का एक अहम हिस्सा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\