विदेश की खबरें | ब्रिटेन ने कोविड के नये उपचार को मंजूरी दी, ओमीक्रोन के खिलाफ हो सकता है कारगर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. ब्रिटेन के औषधि नियामक ने बृहस्पतिवार को कोविड-19 के एक नये एंटीबॉडी उपचार को मंजूरी दे दी, जिसके बारे में उसका मानना है कि यह ओमीक्रोन जैसे नये स्वरूप के खिलाफ भी कारगर होगा।
लंदन, दो दिसंबर ब्रिटेन के औषधि नियामक ने बृहस्पतिवार को कोविड-19 के एक नये एंटीबॉडी उपचार को मंजूरी दे दी, जिसके बारे में उसका मानना है कि यह ओमीक्रोन जैसे नये स्वरूप के खिलाफ भी कारगर होगा।
औषधि एवं स्वास्थ्य देखभाल उत्पाद नियामक एजेंसी (एमएचआरए) ने कहा कि सोट्रोविमैब, कोविड के हल्के से मध्यम संक्रमण से पीड़ितों के लिए हैं, जिनमें गंभीर रोग विकसित होने का अधिक खतरा है।
जीएसके और वीआईआर बायोटेक्नोलॉजी द्वारा विकसित सोट्रोविमैब एक खुराक वाली एंटीबॉडी है और यह दवा कोरोना वायरस के बाहरी आवरण पर स्पाइक प्रोटीन से जुड़कर काम करती है। इससे यह वायरस को मानव कोशिका में प्रवेश करने से रोक देती है।
एमएचआरए की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ जून रैन ने कहा, ‘‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे पास अब उन लोगों के लिए कोविड-19 का एक सुरक्षित और कारगर उपचार सोट्रोविमैब है, जिनमें गंभीर रोग विकसित होने का खतरा है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें गुणवत्ता, सुरक्षा और कारगरता पर समझौता नहीं किया गया है। इसे ध्यान में रखते हुए लोग यह विश्वास कर सकते हैं कि एमएचआरए ने सभी उपलबध आंकड़ों का गहन विश्लेषण किया है।
एमएचआरए ने कहा कि 12 वर्ष और उससे अधिक आयु के 40 किग्रा वजन से अधिक के व्यक्तियों के लिए इसके उपयोग की मंजूरी दी गई है ।
एमएचआरए ने कहा, ‘‘यह जानना अभी जल्दबाजी होगी कि ओमीक्रोन स्वरूप का सोट्रोविमैब की कारगरता पर क्या कोई प्रभाव पड़ता है, लेकिन वे इस बारे में जानकारी जुटाने के लिए विनिर्मिताओं के साथ काम करेंगे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)