देश की खबरें | उज्जैन : ‘महाकाल लोक’ गलियारे की शुरुआत से पहले फ्लाईओवर बना ‘सेल्फी प्वाइंट’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (फोटो के साथ)
(फोटो के साथ)
उज्जैन (मप्र), छह अक्टूबर उज्जैन निवासी दीपू शर्मा अपने गृह नगर में शीघ्र खुलने वाले महाकाल गलियारे को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनका कहना है कि वह ‘‘शानदार नयी परियोजना’’ की एक झलक पाने और सेल्फी लेने के लिए लगभग हर रात अपने घर के पास स्थित पुराने ओवरब्रिज पहुंचते हैं।
शर्मा जैसे ऐसे कई स्थानीय लोग हैं, जो हरि फाटक ओवरब्रिज के रैंप (ढलान) से दिखने वाले मनमोहक दृश्य की सराहना करते हैं। यहां से दिखने वाला सजावटी त्रिशूल और भगवान शिव की मुद्रा वाले 108 अलंकृत बलुआ पत्थर के स्तंभों का दृश्य लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करता है।
साथ ही भगवान की मूर्तियों और जगमग भित्ति चित्र के पास लगे फव्वारे इसकी सुंदरता को और बढ़ा देते हैं। परियोजना स्थल को दूर से निहारने का यह उत्साह पिछले कुछ हफ्तों में बढ़ा है।
पिछले महीने मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल की इस ‘पवित्र शहर’ में हुई पहली बैठक के बाद ‘फ्लाईओवर सेल्फी’ के लिए लोगों की दीवानगी बढ़ गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को महाकाल गलियारा पुनर्विकास परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे।
इस परियोजना के निर्माण को लेकर शहर के लोग बहुत उत्साहित हैं क्योंकि इससे भगवान शिव के 12 ‘ज्योतिर्लिंग’ में से एक महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को पहुंचने और पवित्र शिवलिंग के दर्शन करने में आसानी होगी।
हर दिन शाम ढलने के बाद काफी संख्या में लोग ओवरब्रिज के पास एकत्र होकर प्राचीन रुद्रसागर झील को निहारते हैं और गलियारे की पृष्ठभूमि में ‘सेल्फी’ लेते हैं।
परियोजना स्थल के समीप जयसिंह पुरा क्षेत्र निवासी शर्मा नवरात्रि के दौरान मंगलवार रात को अपनी पत्नी के साथ फ्लाईओवर पर घूमने गए थे, जहां उन्होंने सुंदर नजारों के साथ ‘सेल्फी’ और तस्वीरें लीं।
शर्मा ने पीटीआई- से कहा, ‘‘उज्जैन के लोग खासकर मध्य प्रदेश सरकार द्वारा इस बात की पुष्टि के बाद नए गलियारे को लेकर बेहद उत्साहित हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इसका उद्घाटन करेंगे। जैसे-जैसे वह दिन नजदीक आ रहा है, उत्साह बढ़ता ही जा रहा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)