देश की खबरें | उज्जैन बदल गया श्री महाकाल महालोक से, अब ओरछा बदलेगा श्री रामराजा लोक से : चौहान

भोपाल (मध्य प्रदेश), चार सितंबर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को ओरछा में श्री रामराजा मंदिर परिसर में 81 करोड़ रुपए की लागत से श्री रामराजा लोक के निर्माण का भूमि-पूजन किया और उसकी आधारशिला रखी।

इस अवसर पर चौहान ने कहा, ‘‘उज्जैन बदल गया श्री महाकाल लोक से और अब ओरछा बदलेगा श्री रामराजा लोक से।"

उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम की नगरी ओरछा में 81 करोड़ रुपए की लागत से श्री रामराजा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र मिलाकर श्री रामराजा लोक का भव्य निर्माण होगा।

मध्य प्रदेश निवाड़ी जिले में विश्व धरोहर ओरछा का प्रमुख केन्द्र श्री रामराजा मंदिर है। इसका निर्माण तत्कालीन बुन्देला शासकों ने किया था।

मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार ओरछा का केन्द्र-बिन्दू श्रीराम राजा मंदिर है, जहाँ बड़ी संख्या में श्रृद्धालुओं तथा पर्यटकों का आगमन होता है। श्रृद्धालुओं एवं पर्यटकों की भावनाओं तथा सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए ओरछा में श्री रामराजा मंदिर में श्री रामराजा लोक का विकास किया जाएगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्री रामराजा मंदिर परिसर लगभग 2.86 एकड़ में स्थित है। मंदिर के आसपास लगभग 12 एकड़ क्षेत्र में श्री रामराजा लोक विकसित किया जायेगा। श्री रामराजा लोक का प्रारंभ प्रवेश द्वार पर भव्य दरबार गलियारे से होगा।

विज्ञप्ति के अनुसार, मंदिर परिसर में 41 करोड़ रुपए की लागत से श्री रामराजा लोक प्रवेश द्वार के साथ प्लाजा का विकास, प्रसादालय, कतार परिसर, श्री जानकी मंदिर परिसर का विकास, फूड प्लाजा, आसपास की दुकानों की पुर्नस्थापना, जनसमूह प्रबंधन, दुकानों का सौन्दर्यीकरण और श्रीराम के बाल स्वरूप श्री रामराजा के दरबार के वर्णन सहित गलियारे एवं प्रांगण का विकास होगा जिसमें बाल काण्ड का वर्णन होगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रांगण में रामायण से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण वस्तुओं का इस्तेमाल किया जाएगा। सुन्दर कमल नयन से प्रेरित कमल स्तम्भ और पुष्पक विमान देखने को मिलेंगे। इस लोक में स्थानीय वास्तुकला, मंदिर प्रांगण और ऐतिहासिक इमारतों का अनूठा स्वरूप बखूबी देखने को मिलेगा। श्री रामराजा लोक की वास्तुकला बुंदेलखंड की प्रामाणिकता और अखडण्ता का उदाहरण होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)