देश की खबरें | उडुपी हत्याकांड के आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया : पुलिस अधीक्षक

मंगलुरु, 15 नवंबर कर्नाटक के उडुपी में गत रविवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या के आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। उडुपी के पुलिस अधीक्षक के .अरुण ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने उडुपी में संवाददाताओं से कहा कि मामले की जांच कर रही पुलिस टीम आरोपी प्रवीण चौगले और जान गंवाने वालों में शामिल एक विमान परिचारिका ऐनाज के बीच कथित ‘झूठे प्यार’ के कोण की भी जांच करेगी। आरोपी युवती का सहकर्मी था।

अरुण ने बताया कि पुलिस ऐनाज और आरोपी के बीच रुपयों की लेनदेन के अन्य अनुमानित कोणों की भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पुलिस को जानकारी दी है कि ऐनाज उसका निशाना थी और जब अन्य लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की तब उसने उन पर हमला किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि जब ऐनाज की मां हसीना, बहन अफनान, भाई असीम और दादी हजीरा को उसने तब चाकू मारा जब उन्होंने ऐनाज पर हमले को रोकने की कोशिश की।

अरुण ने कहा कि जांच के दौरान अपराध के पीछे के अन्य उद्देश्यों की जानकारी मिलेगी। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा अपराध को अंजाम देने में इस्तेमाल किए गए हथियार को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।

एसपी ने कहा कि आरोपी के बयान के मुताबिक अपराध को अंजाम देने की उसने पहले ही योजना बना ली थी। उन्होंने कहा कि चौगले महाराष्ट्र के सांगली के रहने वाला है और शादीशुदा हैं। वह मंगलुरु में काम करता है।

पुलिस के अनुसार आरोपी चौगले को अदालत में पे€श किया गया, जहां से उसे 28 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया€।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)