देश की खबरें | समान नागरिक संहिता, मणिपुर हिंसा के खिलाफ केरल में श्रृंखलाबद्ध विरोध प्रदर्शन करेगा यूडीएफ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने सोमवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने के केंद्र सरकार के कदम और मणिपुर में जातीय हिंसा नहीं रुकने के खिलाफ शृंखलाबद्ध विरोध प्रदर्शनों की घोषणा की।
तिरुवनंतपुरम, 10 जुलाई कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने सोमवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने के केंद्र सरकार के कदम और मणिपुर में जातीय हिंसा नहीं रुकने के खिलाफ शृंखलाबद्ध विरोध प्रदर्शनों की घोषणा की।
विपक्ष के नेता और यूडीएफ अध्यक्ष वी.डी. सतीसन ने कहा कि मोर्चे ने देखा है कि यूसीसी पर चर्चा शुरू करने का ‘संघ परिवार’ का कदम समाज में विभाजन पैदा करने का एक प्रयास है।
संघ परिवार शब्द का इस्तेमाल देश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े दक्षिणपंथी संगठनों के समूह के लिए किया जाता है।
उन्होंने कहा कि यूडीएफ ने यूसीसी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए 29 जुलाई को ‘बहुस्वार्थ संगमम’ (बहुलवाद की रक्षा के लिए एक बैठक) आयोजित करने का निर्णय लिया है।
सतीसन ने कहा कि सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के किसी भी घटक दल को बैठक में आमंत्रित नहीं किया जाएगा।
उनका बयान माकपा की घोषणा के कुछ दिनों बाद आया है कि वह 15 जुलाई को यूसीसी पर एक संगोष्ठी आयोजित करेगी और इसमें सभी धर्मनिरपेक्ष विचारधारा वाले दलों को आमंत्रित किया जाएगा, लेकिन कांग्रेस को नहीं, क्योंकि इस मामले पर उसका कोई स्पष्ट रुख नहीं है।
माकपा ने सेमिनार के लिए यूडीएफ के एक प्रमुख सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को आमंत्रित किया था, लेकिन कांग्रेस की सहयोगी ने सेमिनार में भाग लेने के लिए वाम दल के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
आईयूएमएल ने कहा था कि वाम दल कांग्रेस को आमंत्रित न करके “संघर्ष” और “विभाजन” पैदा करने की कोशिश कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)