देश की खबरें | राजस्थान के धौलपुर में पार्वती नदी में डूबने से दो युवकों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा तथा धौलपुर में पार्वती नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई।
जयपुर/धौलपुर, तीन सितंबर राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा तथा धौलपुर में पार्वती नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि धौलपुर के कौलारी थानाक्षेत्र में मंगलवार को पार्वती नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई।
कौलारी के थाना अधिकारी भंवर सिंह कर्दम ने बताया कि मंगलवार को दो युवक सखवारा के पास पार्वती नदी में नहाने के लिए गए थे और गहरे पानी में चले जाने पर डूबने से उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतक युवकों की पहचान योगेश (22) और दिलीप (22) के रूप में की गई है।
राजस्थान में बीते 24 घंटे में उदयपुर, डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों में कई जगह भारी बारिश हुई।
मौसम केंद्र ने बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे में पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों तथा पूर्वी राजस्थान में कई स्थानों पर वर्षा हुई। इस दौरान उदयपुर, डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक 115 मिलीमीटर वर्षा भूंगड़ा (बांसवाड़ा) में हुई।
इसके अलावा, बांसवाड़ा के ही सुजानगढ़ में 101 मिलीमीटर और केसरपुरा में 70 मिलीमीटर, डूंगर के देवल में 101 मिलीमीटर एवं गणेशपुर में 74 मिलीमीटर तथा उदयपुर के ऋषभदेव में 102 मिलीमीटर बारिश हुई। इसी दौरान गंगानगर, सिरोही, सीकर राजसमंद, जालोर, झालावाड़ एवं नागौर में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
केन्द्र के अनुसार मंगलवार सुबह से शाम साढ़े पांच बजे तक बीकानेर में 42 मिलीमीटर, गंगानगर में 36.4 मिमी, फतेहपुर में 30.4 मिमी, संगरिया में 29.5 मिमी, जैसलमेर में 19.8 मिमी, सिरोही में 19 मिमी, चूरू में 15.8 मिमी, सीकर में 9 मिमी बारिश दर्ज की गई।
केन्द्र के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी सप्ताह में राज्य में बारिश जारी रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि आगामी चार से पांच दिनों तक राज्य के दक्षिणी एवं दक्षिणी पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि जोधपुर एवं बीकानेर संभागों में आगामी चार-पांच दिन हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 03, 2024 08:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

