विदेश की खबरें | पाकिस्तान में झूठी शान की खातिर दो बहनों की हत्या
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लाहौर, पांच जून पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में झूठी शान की खातिर दो बहनों की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक पंजाब प्रांत में प्रेम विवाह करने पर दो बहनों की उनके पिता और भाई ने हत्या कर दी।

यह घटना मंगलवार को लाहौर से करीब 350 किलोमीटर दूर वेहारी में हुई।

पुलिस के अनुसार निशात और अफशां नामक दो बहनें पिछले महीने अपना घर छोड़कर चली गईं थीं और दोनों ने ही अपनी पसंद के लोगों से अदालत में शादी कर ली थी। दोनों की उम्र 20 वर्ष के आस-पास बताई जा रही है।

दोनों बहनों के पिता के अनुरोध पर आयोजित पंचायत की बैठक में उनके दूल्हों के परिवारों को आदेश दिया गया कि वे विवाहित लड़कियों को उनके माता-पिता को सौंप दें।

पुलिस ने कहा, ‘‘दूल्हों के परिवारों ने पंचायत के आदेश का पालन किया और दोनों लड़कियों को उनके माता-पिता को सौंप दिया गया। मंगलवार को लड़कियों के पिता सईद और भाई आसिम ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उन्हें घर पर ही प्रताड़ित करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। ’’

पुलिस ने बताया कि उन्होंने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में हर साल झूठी शान के नाम पर करीब 1,000 महिलाओं की हत्या की जाती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)