देश की खबरें | ग्वालियर में सीवेज लाइन के मेनहोल में घुसे दो सफाई कर्मचारियों की मौत

ग्वालियर, 15 जून मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सीवेज लाइन के एक मेनहोल में प्रवेश करने के बाद बृहस्पतिवार को दो सफाई कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

ग्वालियर नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने बताया कि घटना उस समय हुई जब दो संविदा कर्मचारी रेशम मिल इलाके में सीवेज लाइन की सफाई कर रहे थे।

सिंह ने बताया कि मेनहोल में प्रवेश करने वाला व्यक्ति कुछ समय बाद बाहर नहीं आया जिसके बाद दूसरा व्यक्ति भी उसमें प्रवेश कर गया। उन्होंने बताया कि दोनों को बाद में बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि दम घुटने से उनकी मौत हो गयी।

उन्होंने कहा कि काम कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर पुलिस अधीक्षक रवि भदौरिया ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ग्वालियर नगर निगम की जांच रिपोर्ट आने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

इस बीच, मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा और कानूनी वारिसों को नौकरी देने की घोषणा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)