देश की खबरें | लद्दाख की ‘लेह एपेक्स बॉडी’ के दो प्रमुख नेताओं ने दिया इस्तीफा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लद्दाख की ‘लेह एपेक्स बॉडी’ (एलएबी) के दो प्रमुख नेताओं ने रविवार को इस्तीफा दे दिया।
लेह, छह जुलाई लद्दाख की ‘लेह एपेक्स बॉडी’ (एलएबी) के दो प्रमुख नेताओं ने रविवार को इस्तीफा दे दिया।
एलएबी, कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) के साथ मिलकर लद्दाख के लिए राज्य का दर्जा और इसे संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने सहित अपने चार सूत्री एजेंडे पर केंद्र के साथ बातचीत कर रहा है।
एलएबी के अध्यक्ष थुपस्तान छेवांग और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवांग रिग्जिन जोरा ने अलग-अलग अपने इस्तीफे की घोषणा की। जोरा ने स्पष्ट किया कि वह व्यक्तिगत रूप से अपने पद से हट रहे हैं, लेकिन उनकी पार्टी समूह का हिस्सा बनी रहेगी।
वर्ष 2018 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने वाले पूर्व सांसद छेवांग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘चुनावी राजनीति से दूर होने के बाद से मैंने लगातार खुद को पक्षपातपूर्ण और व्यक्तिगत एजेंडों से दूर रखा है। इसी रुख को ध्यान में रखते हुए मैं ‘लेह एपेक्स बॉडी’ के अध्यक्ष और सदस्य के साथ-साथ उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) से भी इस्तीफा देता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रतिस्पर्धी हितों में उलझना पसंद नहीं करता। मैं शीर्ष निकाय और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के सभी सदस्यों को मेरे कार्यकाल के दौरान उनके पूरे दिल से समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं।’’
जोरा ने एलएबी के अध्यक्ष को संबोधित अपने पत्र में कहा कि वह उप-समिति से तथा एचपीसी से स्वयं को अलग कर रहे हैं जबकि यह आने वाले दिनों में गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक में भाग लेने वाली है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 01:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

