UP: अमेठी में होली खेलने के दौरान जबरन रंग लगाने को लेकर दो पक्षों में झड़प, 2 की मौत, करीब 6 लोग घायल
अमेठी जिले के जामो थानाक्षेत्र अंतर्गत रेवड़ापुर गांव में शुक्रवार को होली खेलने को लेकर हुए मामूली विवाद में दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी.
लखनऊ: अमेठी जिले के जामो थानाक्षेत्र अंतर्गत रेवड़ापुर गांव में शुक्रवार को होली खेलने को लेकर हुए मामूली विवाद में दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए. यह जानकारी पुलिस ने दी. जामो के थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार यादव के मुताबिक रेवड़ापुर गांव में होली खेलने को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में गांव बाबूपुर निवासी अखंड प्रताप सिंह (32) और रेवड़ापुर निवासी शिवराम ऊर्फ क्लडडू पासी (55) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. उन्होंने बताया कि इस घटना में करीब छह अन्य लोग जख्मी हुए हैं. थाना प्रभारी के मुताबिक अखंड प्रताप सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है.
सूचना पर जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मिश्र ने बताया कि गांव बाबूपुर और रेवड़ापुर गांव बगल बगल हैं और आज दोनों पक्षों में रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ. उन्होंने बताया कि विवाद मारपीट में तब्दील हो गया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए. यह भी पढ़े: Holi 2022: मुलायम परिवार ने सैफाई में मनाई होली, अखिलेश-शिवपाल साथ रहे
मिश्र के मुताबिक घायलों का जिला अस्पताल व जामो स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि मौके पर पुलिस बल को तैनात किया गया है और हालात नियंत्रण में है. उधर मृतक शिवराम के बेटे व घटना में घायल प्रमोद का आरोप है की गत दिनों बाबूपुर के कोटेदार जगन्नाथ के यहां राशन लेने के दौरान विवाद हुआ था जहां पर उसे मारने की धमकी मिली थी.
प्रमोद का दावा है कि इसी की वजह से मारपीट की गई. शिवराम की पत्नी राजकुमारी भी इस घटना में घायल है. राजकुमारी ने बताया कि उसका विवाद जगन्नाथ उनके बेटे व भतीजे से गत दिनों राशन लेने के दौरान हुआ था.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 18, 2022 08:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

