देश की खबरें | बेंगलुरु नगर निगम कार्यालय में आग लगने के मामले में दो लोग हिरासत में लिए गए

बेंगलुरु, 12 अगस्त कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि पुलिस ने बेंगलुरु नगर निगम कार्यालय में आग लगने की घटना के बाद वहां से भागे दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। इस घटना में नौ लोग घायल हो गए थे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ने शुक्रवार को नगर निकाय की 'गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला' में आग लगने की घटना की जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, "पुलिस को मामला दर्ज कर घटना की जांच करनी है। दो लोग भाग गए थे। उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। वे (बीबीएमपी) कर्मचारी हैं, जो आग लगने के तुरंत बाद भाग गए थे। वे घटना के तुरंत बाद आग बुझा सकते थे, क्योंकि वहां सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे।''

शिवकुमार ने बताया कि जब वे सीढ़ियों से नीचे भागे, तब ऊपरी मंजिल पर मौजूद अन्य लोग फंस गए थे। उन्होंने कहा कि मामले में तीन जांच एक साथ चल रही हैं-पहली बीबीएमपी द्वारा विभागीय जांच, दूसरी पुलिस जांच और तीसरी इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टरेट की जांच, जिसके तहत यह पता लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण तो नहीं लगी।

उपमुख्यमंत्री के मुताबिक, क्वालिटी कंट्रोल लैब दस्तावेजों को रखने की जगह नहीं थी, लेकिन वहां ऐसा किया गया।

उन्होंने कहा, "इसके लिए किसे दोषी ठहराया जाए? दुर्घटना पहले ही हो चुकी है। हमें घायलों को सबसे अच्छा इलाज मुहैया कराना है। हम इस प्रयोगशाला को कहीं और स्थानांतरित कर देंगे।"

यह घटना कांग्रेस सरकार द्वारा 2019 से 2023 तक कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन के दौरान बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) में हुए सभी कार्यों की न्यायिक जांच के आदेश देने के कुछ दिनों बाद हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)