देश की खबरें | ‘ओडिशा में चुनावी ड्यूटी पर तैनात दो लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले की ब्रजराजनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चुनावी ड्यूटी पर तैनात दो कर्मचारियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर, एक जून ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले की ब्रजराजनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चुनावी ड्यूटी पर तैनात दो कर्मचारियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ब्रजराजनगर निर्वाचन क्षेत्र के लिए उपचुनाव 31 मई को हुआ था।
दरअसल, बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक किशोर मोहंती की पिछले साल दिसंबर में मृत्यु के बाद ब्रजराजनगर सीट खाली हो गयी थी।
मृतक कर्मचारियों में से एक की पहचान झारसुगुड़ा सदर प्रखंड के तंगरपल्ली गांव के स्कूली शिक्षक दिलीप खड़िया (45) के रूप में हुई है। दिलीप को फालसाडिपा गांव के बूथ संख्या-169 पर द्वितीय मतदान अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था।
अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को ड्यूटी करते समय दिलीप शाम को बूथ पर बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें ब्रजराजनगर के मंडालिया में केंद्रीय अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिलीप की मौत संभवत: दिल का दौरा पड़ने से हुई।
दूसरे मृतक की पहचान झारसुगुड़ा निवासी 45 वर्षीय त्रिलोचन मोहंती के रूप में हुई है।
झारसुगुड़ा सदर थाने में होमगार्ड के पद पर कार्यरत त्रिलोचन मोहंती को फातर क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या-238 पर नियुक्त किया गया था।
त्रिलोचन मोहंती को रविवार को बेचैनी महसूस हुई जिसके बाद उन्हें झारसुगुड़ा के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोमवार को हालत बिगड़ने पर मोहंती को संबलपुर जिले के बुर्ला स्थित विमसार अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। मंगलवार को उनकी मौत हो गई और चिकित्सकों ने अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एस के लोहानी ने
‘पीटीआई-’ को बताया कि मृतक अधिकारियों के परिवार के सदस्यों को चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक मुआवजा दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)