देश की खबरें | ओडिशा में 'पोल्ट्री फार्म' की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में भारी बारिश के कारण एक निर्माणाधीन 'पोल्ट्री फार्म' की दीवार ढह जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई और आठ साल की एक बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर, सात जुलाई ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में भारी बारिश के कारण एक निर्माणाधीन 'पोल्ट्री फार्म' की दीवार ढह जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई और आठ साल की एक बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को लखना इलाके में हुई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान बालमती सबर (35) और रूपे सबर (61) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि घायल नाबालिग रिद्धि सबर का इलाज हो रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को ओडिशा के 30 में से 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की।
मौसम बुलेटिन में आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र ने कहा कि रविवार को पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है।
अगले दो दिनों के दौरान इसके झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की आशंका है।
इसके प्रभाव से रविवार से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश शुरू हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को क्योंझर, अंगुल, देवगढ़, संबलपुर, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बारगढ़ और नुआपाड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिन के लिए बोलांगीर, सोनपुर, बौध, कंधमाल, कालाहांडी, नयागढ़, कटक और ढेंकनाल के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, देवगढ़, मयूरभंज जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी ने मछुआरों को सोमवार को ओडिशा के तट पर समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
मौसम पूर्वानुमान के बाद, राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को प्रशासनिक मशीनरी को तैयार रखने को कहा है तथा लोगों को तूफान के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम चार बजे से हो रही भारी बारिश के कारण बालासोर शहर के कुछ इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गई हैं।
महानदी घाटी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में जारी भारी बारिश को देखते हुए, संबंधित अधिकारियों ने पानी निकालने के लिए हीराकुड बांध के 20 जलद्वार खोल दिए हैं।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि भारी बारिश के कारण महानदी सहित प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह सभी नदियां खतरे के स्तर से नीचे बह रही थीं।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण सुंदरगढ़ और झारसुगुड़ा जिलों के कुछ गांवों में पानी घुस गया।
पुजारी ने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की टीमों को सतर्क कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र स्तर के राजस्व अधिकारियों को कहा गया है कि यदि पानी किसी के घर में घुस जाए तो वे लोगों को वहां से हटा दें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 02:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

