देश की खबरें | दिल्ली में कई शोरूम में डकैती और एटीएम चोरी के मामले में दो लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो फरवरी और मार्च में एटीएम चोरी और 1.8 करोड़ रुपये मूल्य के मोबाइल फोन चोरी के लिए कथित रूप से जिम्मेदार गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल दक्षिण-पूर्वी दिल्ली से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो फरवरी और मार्च में एटीएम चोरी और 1.8 करोड़ रुपये मूल्य के मोबाइल फोन चोरी के लिए कथित रूप से जिम्मेदार गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि फरमान और उसके करीबी सहयोगी आसिफ को दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चलाए गए अभियान के बाद गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि गिरोह का सरगना फरमान का 2004 से आपराधिक इतिहास है। आसिफ और अन्य के साथ गिरोह बनाने से पहले वह कोंडली में कबाड़ का कारोबार करता था।

वह दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी और हथियार उल्लंघन सहित कम से कम 25 मामलों से जुड़ा हुआ है। 2018 में उप्र पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसे गोली लगी थी।

पूर्व टैक्सी चालक आसिफ को फरमान ने 2014 में गिरोह में शामिल किया था। वह दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या व चोरी सहित पांच आपराधिक मामलों में शामिल पाया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एटीएम चोरी की जांच के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं। इस संबंध में 27 मार्च को मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) रवि कुमार सिंह ने कहा, "... घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए और जांचकर्ताओं ने उन्हें पकड़ने के लिए तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया।"

गिरफ्तारी के बाद उनके कब्जे से चोरी की गई एटीएम मशीन, एक कार, एटीएम को छिपाने के लिए इस्तेमाल की गई काली पॉलीथीन शीट और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान दोनों ने कई अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिनमें फरवरी और मार्च में छावला, गाजीपुर और फरीदाबाद में मोबाइल शोरूम में सेंधमारी शामिल है। इस दौरान उन्होंने 1.8 करोड़ रुपये मूल्य के फोन चुराए थे।

उन्होंने गाजीपुर के एक कपड़ा शोरूम में चोरी और द्वारका में एटीएम चोरी के प्रयास की बात भी स्वीकार की।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य संदिग्ध राजा और चोरी के फोन लेने वाले व्यक्ति की तलाश जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now