एनएलसी इंडिया के संयंत्र में लगी आग में घायल आठ श्रमिकों में से दो की मौत, एक की हालत गंभीर
कुमार ने कहा कि छह घायल श्रमिकों में से एक की स्थिति अभी नाजुक है जबकि अन्य की सेहत में सुधार है।
नयी दिल्ली, 12 मई एनएलसी इंडिया के तमिलनाडु के नेवेली विद्युत ताप संयंत्र में पिछले हफ्ते ‘बॉयलर’ फटने से लगी आग में घायल आठ श्रमिकों में से दो की मौत हो गयी है जबकि एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक राकेश कुमार ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कुमार ने कहा कि छह घायल श्रमिकों में से एक की स्थिति अभी नाजुक है जबकि अन्य की सेहत में सुधार है।
कंपनी के नेवेली संयंत्र में सात मई को आग लगने की घटना में दो नियमित और छह ठेका श्रमिक घायल हो गए थे।
कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी ने मृतक श्रमिकों के परिवार को वैधानिक और गैर-सांविधिक किसी भी स्वरूप में कम से कम 15 लाख रुपये देने के आदेश दिए हैं। इसके लिए कर्मचारी के नियमित होने या ठेके पर होने के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाएगा।
मुआवजे के अलावा कंपनी मृतक के परिवार से किसी एक व्यक्ति को नियमित रोजगार देगी।
कुमार ने कहा कि मृतक के परिवारों की सहायता के लिए कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधन अधिकारी अपने एक दिन का वेतन देंगे। इसके अलावा कंपनी घायलों के पूरे इलाज का खर्च भी वहन करेगी।
शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि बिजली संयंत्र की इकाई-6 में यह दुर्घटना हुई। दुर्घटना से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए आंतरिक समिति गठित की गयी है। यह नुकसान का आकलन कर बीमा कंपनी के समक्ष दावा पेश करेगी।
वहीं एक स्वतंत्र बाहरी समिति को दुर्घटना की जांच का काम सौंपा गया है। इसकी जिम्मेदारी केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के पूर्व चेयरमैन ए. एस. बख्शी को दी गयी है। जांच और नुकसान का आकलन करने के बाद इकाई-6 को ठीक करने का काम शुरू होगा और वह फिर से काम करने लगेगी।
कुमार ने कहा कि सात मई को दुर्घटना के बाद इकाई-पांच और सात ने भी काम करना बंद कर दिया था। बाद में सुरक्षा पहलुओं की जांच करके इकाई-पांच को नौ मई से ग्रिड के साथ फिर जोड़ दिया गया।
संयंत्र की इकाई-चार वार्षिक रखरखाव के लिए बंद थी, उसे भी 10 मई को ग्रिड से फिर जोड़ दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 11:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

