एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | युवतियों से विवाह के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में दो नाइजीरियाई गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. युवतियों को विवाह का प्रस्ताव देकर धोखा देने और फिर महंगे उपहारों के लिए सीमा शुल्क मंजूरी के नाम पर धन ऐंठने के आरोप में दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | युवतियों से विवाह के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में दो नाइजीरियाई गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 12 मार्च युवतियों को विवाह का प्रस्ताव देकर धोखा देने और फिर महंगे उपहारों के लिए सीमा शुल्क मंजूरी के नाम पर धन ऐंठने के आरोप में दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि एलेक्स (30) और इबेह (45) ने विवाह संबंधी साइट पर महिलाओं से कथित तौर पर संपर्क किया और खुद को ब्रिटेन में मरीन इंजीनियर के तौर पर कार्यरत बताया।

यह मामला फरवरी में तब सामने आया जब राष्ट्रपति संपदा, राष्ट्रपति भवन में रहने वाली 24 वर्षीय एक युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि विवाह संबंधी साइट पर उसका सम्पर्क एक ऐसे व्यक्ति से हुआ जिसने खुद को ब्रिटेन में रहने वाला एक मरीन इंजीनियर अमन अरोड़ा बताया।

पुलिस शिकायत के अनुसार कुछ ही समय बाद पीड़िता ने ‘‘अरोड़ा’’ से व्हाट्सऐप पर चैट करना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने लंदन-मुंबई एयरलाइन का टिकट साझा किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाद में, उसे एक महिला का फोन आया जिसने स्वयं को ‘‘मुंबई हवाई अड्डे की अधिकारी’’ बताया।

शिकायत के अनुसार उक्त महिला ने शिकायकर्ता को बताया कि ‘‘अरोड़ा’’ को 40,000 पाउंड साथ रखने के लिए हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने कहा कि फोन करने वाली महिला ने पीड़िता से मूल्यवान वस्तुओं के लिए पंजीकरण शुल्क के रूप में 8,500 रुपये का भुगतान करने के लिए कहा, शिकायतकर्ता ने बाद में चार लाख रुपये के कई भुगतान किया।

पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) प्रणव तायल ने कहा कि मोबाइल नंबर और आईपी एड्रेस के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पता चला कि नाइजीरियाई नागरिकों का एक गिरोह ग्रेटर नोएडा से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि संदिग्धों के स्थान की पहचान की गई और ग्रेटर नोएडा सोसाइटी पर छापा मारकर वहां से एलेक्स को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।

तायल ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान, एलेक्स ने खुलासा किया कि वह 2020 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। उसने अपने सहयोगियों की मदद से महिलाओं को विवाह का प्रस्ताव देकर या महंगे उपहार भेजकर धोखा देना शुरू कर दिया।’’

उन्होंने कहा कि एलेक्स के सहयोगी इबेह उन बैंक खातों का प्रबंधन करता था जिनका इस्तेमाल पैसे निकालने के लिए किया जाता था। इबेह को भी ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कहा कि तीन एटीएम कार्ड और 10,500 रुपये की नकदी भी जब्त की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 12, 2023 09:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).