एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में दो नक्सली गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है तथा उनसे विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में दो नक्सली गिरफ्तार

नारायणपुर, नौ मई छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है तथा उनसे विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में ओरछा थानाक्षेत्र के जंगल में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों कोंदाराम उसेंडी (35) और करंजे उसेंडी (40) को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि ओरछा थाने से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), भारत तिब्बत सीमा पुलिस और जिला पुलिस के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान पर कोडोली, छोटेपलरनार और रेंगाबेड़ा गांव की ओर रवाना किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि जब सुरक्षाबल के जवान जंगल में थे तब दो संदिग्ध नक्सली वहां से भागने लगे, ऐसे में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि नक्सली कोंदाराम और करंजे ओरछा थाना क्षेत्र के जुवाड़ा गांव के निवासी हैं और वे नक्सलियों की इंद्रावती एरिया कमेटी में सक्रिय थे।

अधिकारियों ने बताया कि इन नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों पर बम विस्फोट करने, गोलीबारी करने और पुलिस दल को नुकसान पहुंचाने के लिए बारूदी सुरंग लगाने में शामिल होने का आरोप है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ इस वर्ष 20 मार्च को ओरछा थाना क्षेत्र में जपगुंडा घाटी के करीब पुलिस दल पर बम से हमला कर गोलीबारी करने का भी आरोप है। इस घटना में डीआरजी के दो जवान घायल हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों से दो डेटोनेटर, एक कुकर, बिजली के तार और अन्य सामान बरामद किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2025 07:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).