इंदौर में डॉक्टर समेत दो और लोगों की कोविड-19 से मौत, मृतक संख्या 23 पर पहुंची
शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 से दम तोड़ने वाले 62 वर्षीय जनरल फिजिशियन पांच अप्रैल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे।
इंदौर (मध्यप्रदेश), नौ अप्रैल देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित नगरों में शामिल इंदौर में इस महामारी से संक्रमित 62 वर्षीय डॉक्टर समेत दो पुरुष मरीजों की बृहस्पतिवार को मौत हो गयी। इसके साथ ही, शहर में इस संक्रमण के बाद दम तोड़ने वाले रोगियों की संख्या बढ़कर 23 पर पहुंच गयी है।
शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 से दम तोड़ने वाले 62 वर्षीय जनरल फिजिशियन पांच अप्रैल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे।
अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से आठ अप्रैल को आयी जांच रिपोर्ट में डॉक्टर कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे। उन्हें मधुमेह और उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) की भी समस्या थी।
इस बीच, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण जड़िया ने कहा, ‘‘हमें पहली नजर में संदेह है कि कोरोना वायरस संक्रमण के बाद दम तोड़ने वाले डॉक्टर कोविड-19 के किसी मरीज के इलाज के दौरान उसके संपर्क में आये होंगे। हम पता लगा रहे हैं कि वह इस संक्रमण की चपेट में कैसे आये थे।’’
बहरहाल, यह प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बाद किसी डॉक्टर की मौत का संभवतः पहला मामला है।
अधिकारियों ने बताया कि शहर में कोविड-19 से मौत के एक अन्य मामले में 44 वर्षीय पुरुष ने एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली।
उन्होंने बताया कि इस मरीज को सात अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह जांच में इसी तारीख को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2020 07:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

