Maharashtra: ठाणे जिले में सेवानिवृत्त जेल कर्मचारी की हत्या के आरोप में दो व्यक्ति गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पैसों को लेकर एक सेवानिवृत्त जेल कर्मचारी की हत्या करने और उसके शव को एक बांध के पास दलदल में दबाने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
ठाणे, 20 अप्रैल: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पैसों को लेकर एक सेवानिवृत्त जेल कर्मचारी की हत्या करने और उसके शव को एक बांध के पास दलदल में दबाने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. उल्हासनगर के जोन चार के पुलिस उपायुक्त सुभाष बुरसे ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि पीड़ित अशोक मोहिते (63) 12 अप्रैल की दोपहर को टहलने के बाद से लापता हो गए थे. इसके बाद उनके परिजन ने बदलापुर पश्चिम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. यह भी पढ़ें: Delhi: लिफ्ट देकर लूटने का आरोपी आजादनगर से गिरफ्तार
अधिकारी ने कहा कि दो दिन बाद मोहिते के परिवार को संदेश मिला कि उनके बैंक खाते से 25,000 रुपये निकाले गए हैं. बुरसे ने बताया कि उन्हें पता चला कि जिस इमारत में मोहिते रहते थे, उसी इमारत के किराएदार महादू वल्कोली (42) के खाते में पैसे जमा किए गए थे.
मोहिते के परिवार ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले उनका (मोहिते का) एक चेक खो गया था और जिस चेक से पैसे निकाले गए, वह वही चेक था. अधिकारी ने कहा कि उन्होंने यह भी पाया कि हाल के दिनों में मोहिते के खाते से 2.03 लाख रुपये निकाले गए थे. परिजन ने पुलिस को बताया कि मोहिते वल्कोली से बात करते थे.
अधिकारी ने कहा कि पुलिस को इस मामले में वल्कोली की भूमिका पर संदेह हुआ, क्योंकि यह पता चला था कि मोहिते के लापता होने के बाद से वह भी लापता हो गया था, लेकिन वह पीड़ित के बेटे और इमारत के चौकीदार को फोन करता था और उनसे पूछता था कि क्या मोहिते वापस आ गया है.
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने विभिन्न सूचनाओं पर काम करते हुए मुरबाड से वल्कोली को हिरासत में लिया.
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि मोहिते ने वल्कोली को 2.03 लाख रुपये उधार दिये थे और वह पैसे वापस मांग रहे थे. अधिकारी ने कहा कि मोहिते से छुटकारा पाने के लिए वल्कोली ने मोहिते को दमा की दवा देने के बहाने बदलापुर के पास देवधर बांध के पास बुलाया.
उन्होंने बताया कि वल्कोली और उसके दोस्त लक्ष्मण जाधव ने मोहिते की हत्या कर दी और शव को एक दलदली जगह में दबा दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस ने वल्कोली के पास से मोहिते का एटीएम कार्ड बरामद किया है. उन्होंने कहा कि दोनों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और अन्य आरोपों के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2023 02:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

