एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों ने पद की शपथ ली

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली उच्च न्यायालय के दो अतिरिक्त न्यायाधीशों को सोमवार को पद की शपथ दिलाई गई, जिसके बाद अब अदालत में न्यायाधीशों की संख्या 47 हो गई।

देश की खबरें | दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों ने पद की शपथ ली

नयी दिल्ली, एक मई दिल्ली उच्च न्यायालय के दो अतिरिक्त न्यायाधीशों को सोमवार को पद की शपथ दिलाई गई, जिसके बाद अब अदालत में न्यायाधीशों की संख्या 47 हो गई।

मुख्य न्यायाधीश सतीश चंद्र शर्मा ने अन्य न्यायाधीशों और वकीलों की उपस्थिति में अदालत परिसर में आयोजित शपथग्रहण समारोह में न्यायमूर्ति गिरीश कठपालिया और न्यायमूर्ति मनोज जैन को शपथ दिलाई।

केंद्र ने 27 अप्रैल को दो न्यायाधीशों की नियुक्ति को मंजूरी दी थी।

इससे पहले अप्रैल में, भारत के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ के नेतृत्व वाले उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने केंद्र को दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के रूप में नियुक्ति के लिए न्यायिक अधिकारियों, न्यायमूर्ति कठपालिया और न्यायमूर्ति जैन के नामों की सिफारिश की थी।

न्यायाधीशों की नियुक्ति के आदेश में कहा गया, ‘‘भारत के संविधान के अनुच्छेद 224 के खंड (1) द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए, राष्ट्रपति सर्वश्री (1) गिरीश कठपालिया और (ii) मनोज जैन को दिल्ली उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप, दो साल के लिये नियुक्त करती हैं। यह नियुक्ति उस तारीख से प्रभावी होगी जबसे वे अपने संबंधित कार्यालयों का प्रभार ग्रहण करेंगे।”

उच्च न्यायालय में वर्तमान में 10 महिला न्यायाधीशों सहित 47 न्यायाधीश हैं जबकि न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 60 है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2023 11:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).