देश की खबरें | कारोबारी की हत्या की सुपारी लेने वाले दो गैंगस्टर गिरफ्तार :पंजाब पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने उत्तराखंड के एक कारोबारी की हत्या की सुपारी लेने वाले दो गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है और उनके पास से तीन पिस्तौल भी बरामद की।
चंडीगढ़, 23 अप्रैल पंजाब पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने उत्तराखंड के एक कारोबारी की हत्या की सुपारी लेने वाले दो गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है और उनके पास से तीन पिस्तौल भी बरामद की।
पुलिस ने बताया कि दोनों गैंगस्टर कथित आतंकवादी अर्श दल्ला और सुक्खा दुनेके से संबद्ध पाये गये हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दल्ला को इस साल जनवरी में एक आतंकी घोषित किया था।
पुलिस ने बताया कि दोनों गैंगस्टर की पहचान पंजाब के मानसा स्थित ग्रांघना गांव निवासी शिमला सिंह और हरियाणा के फतेहाबाद स्थित भदोलियांवाली गांव के हरजीत सिंह उर्फ गोरा के रूप में हुई है। पुलिस ने इन दोनों के पास से तीन पिस्तौल और पांच कारतूस तथा मैग्जीन बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि पुलिस ने इन दोनों व्यक्तियों के पास से 1.90 लाख रुपये नकद भी बरामद किये हैं, जो उन्हें सुपारी के रूप में मिली रकम का हिस्सा है।
बठिंडा खुफिया रोधी और बठिंडा पुलिस ने जस्सी पाउ वाली गांव में शिमला सिंह को गिरफ्तार किया, जब एक गुप्त सूचना मिलने के बाद वहां एक अवरोधक लगा कर वाहनों की जांच की जा रही थी।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि शिमला सिंह अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक सिमरतपाल सिंह के अनुसार, शिमला सिंह ने पूछताछ के दौरान बताया कि अर्श दल्ला ने उसे काशीपुर के एक कारोबारी की हत्या की सुपारी दी थी। उन्होंने बताया कि उसे इस वारदात को अंजाम देने में मदद के लिए उसके (दल्ला के) सहयोगी साधु सिंह से मिलने को कहा था, जो अभी हल्द्वानी जेल में बंद है।
अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि दल्ला ने दो किस्तों में शिमला सिंह को सात लाख रुपये भेजे थे। उन्होंने बताया कि शिमला सिंह द्वारा किये गये खुलासे के आधार पर पंजाब पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से हरजीत को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है। दोनों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सदर पुलिस थाना, बठिंडा में मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2023 08:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

