एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अलग देशों की यात्रा के लिए बोर्डिंग पास की अदला-बदली करने के आरोप में दो विदेशी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस ने यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक श्रीलंकाई और एक जर्मन नागरिक को क्रमश: लंदन और काठमांडू की यात्रा करने के लिए एक-दूसरे से कथित तौर पर अपने बोर्डिंग पास की अदला-बदली करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | अलग देशों की यात्रा के लिए बोर्डिंग पास की अदला-बदली करने के आरोप में दो विदेशी गिरफ्तार

मुंबई, 13 अप्रैल मुंबई पुलिस ने यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक श्रीलंकाई और एक जर्मन नागरिक को क्रमश: लंदन और काठमांडू की यात्रा करने के लिए एक-दूसरे से कथित तौर पर अपने बोर्डिंग पास की अदला-बदली करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना सोमवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई।

अधिकारी के मुताबिक, फर्जी पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे 22 वर्षीय श्रीलंकाई नागरिक और 36 साल के जर्मन यात्री ने क्रमश: लंदन और काठमांडू की यात्रा करने के लिए हवाई अड्डे के शौचालय में एक-दूसरे से बोर्डिंग पास की अदला-बदली की थी।

अधिकारी ने कहा कि मामले का खुलासा तब हुआ, जब विमानन कंपनी के कर्मी ने पाया कि श्रीलंकाई नागरिक के पासपोर्ट पर लगी प्रस्थान मुहर जाली प्रतीत होती है।

अधिकारी के अनुसार, यह भी पाया गया कि श्रीलंकाई नागरिक के पासपोर्ट और बोर्डिंग पास पर लगी प्रस्थान मुहर के अंक अलग-अलग हैं।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ब्रिटेन पहुंच चुके श्रीलंकाई नागरिक को जब यह आभास हो गया कि उसकी करतूत पकड़ी गई है, तब उसने अपनी असल पहचान जाहिर कर दी। उसे मंगलवार को मुंबई वापस भेज दिया गया।

अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में श्रीलंकाई नागरिक ने पुलिस को बताया कि वह करियर के बेहतर अवसर की तलाश के लिए ब्रिटेन जाना चाहता था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने श्रीलंकाई युवक से बोर्डिंग पास की अदला-बदली कर काठमांडू जाने वाले जर्मन नागरिक को भी पकड़ लिया।

अधिकारी के मुताबिक, दोनों विदेशी नागरिकों से पूछताछ से खुलासा हुआ है कि वे नौ अप्रैल को मुंबई में हवाई अड्डे के पास एक लक्जरी होटल में रुके थे और वहीं पर बोर्डिंग पास की अदला-बदली की योजना बनाई थी।

उन्होंने बताया कि सहार पुलिस ने दोनों विदेशी नागरिकों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अपराध में कुछ और लोग तो शामिल नहीं थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2023 12:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).