टिक-टॉक स्टार मोहित मोर की हत्या के मामले में दो बदमाश गिरफ्तार
पुलिस ने कहा कि कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह के संदिग्ध शार्पशूटरों विकास (27) और रोहित डागर (30) को सोमवार को पंजाब से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों पिछले साल 21 मई को मोहित की हत्या में कथित रूप से शामिल थे। मोहित के टिकटॉक पर 5.17 लाख फॉलोवर थे।
नयी दिल्ली, 12 मई जिम ट्रेनर और टिकटॉक स्टार मोहित मोर की हत्या के एक साल बाद दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने इस संबंध में पंजाब के एक गांव से दो कथित बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह के संदिग्ध शार्पशूटरों विकास (27) और रोहित डागर (30) को सोमवार को पंजाब से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों पिछले साल 21 मई को मोहित की हत्या में कथित रूप से शामिल थे। मोहित के टिकटॉक पर 5.17 लाख फॉलोवर थे।
पेशे से जिम ट्रेनर मोहित मोर, नजफगढ़ के धर्मपुरा में अपने घर के नजदीक एक दुकान पर अपने दोस्त से मिलने गया था। उस दौरान यह वारदात हुई थी। हेल्मेट पहने बाइक सवार तीन लोग वहां पहुंचे और उसे कम से कम 13 गोलियां मारकर फरार हो गए।
इस मामले में शामिल किशोर को पिछले साल ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस ने कहा कि विकास और डागर हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, डकैती और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कई मामलों में वांछित थे। विकास की गिरफ्तारी पर 1,20,000 रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था जबकि डागर की गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम था।
पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) संजीव कुमार यादव ने कहा कि उन्हें सोमवार को सूचना मिली कि लॉकडाउन के दौरान विकास अपने सहयोगी डागर के साथ पंजाब के ज़ीरकपुर के लोहगढ़ इलाके में छिपा हुआ है।
उन्होंने कहा, " पंजाब के ज़ीरकपुर के लोहगढ़ इलाके में छापेमारी की गई और विकास तथा उसके सहयोगी रोहित डागर को 500 मीटर की दूरी तक उनका पीछा करने के बाद पकड़ लिया।"
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान दोनों से हुई पूछताछ के बाद दिल्ली के मिलकपुर इलाके से पांच कारतूस और दो अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की गई हैं। मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 09:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

