देश की खबरें | भीलवाड़ा में हत्या के आरोपी के घर दो जले हुए शव मिले: पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के भीलवाड़ा में एक मंदिर के सुरक्षा कर्मी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के घर से बृहस्पतिवार को आंशिक रूप से जले हुए दो शव बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
जयपुर, 24 अप्रैल राजस्थान के भीलवाड़ा में एक मंदिर के सुरक्षा कर्मी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के घर से बृहस्पतिवार को आंशिक रूप से जले हुए दो शव बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सुभाष नगर के थानाधिकारी शिवराज सिंह ने बताया कि अयप्पा मंदिर के सुरक्षा कर्मी की हत्या के आरोप में दीपक नायर को बुधवार सुबह गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने कहा कि आज जब पुलिस की टीम उसके घर तलाशी के लिए पहुंची तो वहां दो लोगों के शव मिले, जिनकी पहचान संदीप पुरोहित और मोनू टांक के रूप में हुई है।
सिंह ने कहा कि शव आंशिक रूप से जले हुए थे और कई जगहों पर चोट के निशान थे।
थानाधिकारी के अनुसार मृतक संदीप और मोनू, आरोपी दीपक नायर के दोस्त थे।
सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार तीनों ने मंगलवार रात नायर के घर पर पार्टी की थी। जांच के अनुसार इस दौरान कुछ कहासुनी हो गई और नायर ने संदीप व मोनू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और शवों को जलाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि शवों को अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है और आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आरोपी नायर मंगलवार रात करीब दो बजे अयप्पा मंदिर में घुसा और जब सुरक्षा गार्ड लाल सिंह उठकर अपने कमरे से बाहर आया, तो नायर ने उसे लात-घूंसों से पीटकर धारदार हथियार से उस पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सिंह ने कहा कि नायर शव के पास कुछ देर बैठा रहा और फिर चला गया। उसे बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2025 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

