देश की खबरें | शिक्षा मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर युवती को ठगने के आरोप में दो भाई गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिक्षा मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से ठगी करने के आरोप में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 22 जून शिक्षा मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से ठगी करने के आरोप में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक सौरभ सिंह (24) और सागर सिंह (27) ने प्रसंस्करण शुल्क और साक्षात्कार शुल्क के नाम पर कथित तौर पर महिला से तीन लाख रुपये की ठगी की।

उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त एम.के. मीणा ने बताया कि पढ़ाई कर रही एक युवती ने कुछ दिन पहले शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सरकारी नौकरी की तलाश में थी, तभी उसे ''संत नगर बुराड़ी'' नाम के एक फेसबुक ग्रुप पर 'करन तिवारी' नामक प्रोफाइल आईडी द्वारा पोस्ट किया गया एक संदेश मिला, जिसमें लिखा था, ‘‘शिक्षा मंत्रालय में स्नातक स्तर के लिए 12 सीटों के लिए इच्छुक उम्मीदवार मुझे संदेश भेजें।’’

पुलिस उपायुक्त मीणा ने बताया कि जब युवती ने पेज पर संपर्क किया तो कथित व्यक्ति ने उसे मंत्रालय में नौकरी पाने की प्रक्रिया बताई और बाद में प्रक्रिया और साक्षात्कार शुल्क के भुगतान के बारे में जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि युवती के साथ ठगी करने और उसका विश्वास हासिल करने के लिए उसने शिक्षा मंत्रालय के नाम से एक ईमेल आईडी बनाई और उसके बाद उसने उसे मेल पर ही संवाद करने को कहा।

इस तरह दोनों भाइयों ने महिला को तरह-तरह के लुभावने वादे करके पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। उन्होंने महिला से कई बार में करीब तीन लाख रुपए ठग लिए।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कई बैंक खातों में धनराशि के लेन-देन की गहन जांच की गई और आरोपियों को शुक्रवार को गाजियाबाद के विजय नगर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से चार स्मार्ट मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड समेत अन्य चीजें बरामद की गई हैं।

पुलिस आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\