देश की खबरें | जम्मू में सरकारी विभाग को 1.6 करोड़ रुपये की चपत लगाने के आरोप में पंजाब के दो सट्टेबाज गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर पुलिस की अपराध शाखा ने यहां एक सरकारी विभाग में 1.6 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि की कथित रूप से हेराफेरी करने को लेकर पंजाब से दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जम्मू, छह जनवरी जम्मू-कश्मीर पुलिस की अपराध शाखा ने यहां एक सरकारी विभाग में 1.6 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि की कथित रूप से हेराफेरी करने को लेकर पंजाब से दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अपराध शाखा के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी सट्टेबाजों - जतिन उर्फ ‘‘राजा’’ और जतिंदर उर्फ ‘‘पूत’’ को पंजाब के मुकेरियां इलाके से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों पिछले चार साल से गिरफ्तारी से बच रहे थे।

प्रवक्ता ने बताया कि दोनों कथित रूप से अंतरराज्यीय सट्टेबाजी में लगे हुए थे और उन्होंने जलशक्ति विभाग के एक खजांची द्वारा वसूले गये राजस्व में हेराफेरी की।

उन्होंने बताया कि शहर संभाग में पानी शुल्क के रूप में वसूले गये राजस्व में से 1.64 करोड़ रुपये गबन करने की शिकायत मिलने के बाद 2020 में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने पहले यहां जलशक्ति विभाग में तत्कालीन खजांची निखिल गंदराल और जम्मू के इंदरपाल को गिरफ्तार किया था एवं मार्च, 2020 में उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।

अधिकारियों के अनुसार उपसंभागीय कर्मी द्वारा वसूला गया राजस्व संभाग मुख्यालय में खजांची के पास जमा कराया गया था ताकि खजांची उसे सरकारी खजाने में जमा कर दे।

उन्होंने बताया कि लेकिन खजांची ने 1.64 करोड़ रुपये की हेराफेरी कर दी और बाद में उसने खुलासा किया कि उसने यह पैसा सट्टेबाज जतिन को इस आश्वासन पर दे दिया कि वह इसे दोगुना कर लौटाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now