देश की खबरें | करोल बाग में आग से तबाह विशाल मेगा मार्ट से दो शव बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य दिल्ली के करोल बाग स्थित विशाल मेगा मार्ट में शुक्रवार शाम लगी आग में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, पांच जुलाई मध्य दिल्ली के करोल बाग स्थित विशाल मेगा मार्ट में शुक्रवार शाम लगी आग में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, कुमार धीरेंद्र प्रताप (25) का शव लिफ्ट के अंदर मिला। पुलिस ने आशंका जतायी है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई।
दूसरे व्यक्ति का झुलसा हुआ शव इमारत में आग बुझाने के दौरान मिला। शव की शिनाख्त की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम छह बजकर 51 मिनट पर धीरेंद्र ने लिफ्ट के अंदर से अपने बड़े भाई को लगातार संदेश भेजे। पहला संदेश था, ‘भइया’, इसके बाद, ‘मैं लिफ्ट में हूं।... करोल बाग मेगा मार्ट।’’
इसी समय भेजा गया उसका अंतिम संदेश था, ‘‘अब सांस फूल रही। कुछ करो।’’ इसके बाद कोई संदेश नहीं आया।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजकर 44 मिनट पर पदम सिंह रोड स्थित चार मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी।
बयान में कहा गया, ‘‘यह विशाल मेगा मार्ट का आउटलेट है। आग इमारत की दूसरी मंजिल तक ही सीमित रही।’’
अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कुल 13 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि भवन में पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं होने के कारण आग बुझाने की कार्रवाई लंबी चली।
हालांकि आग लगने के सटीक कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।
पुलिस ने कहा कि इस सिलसिले में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 05, 2025 04:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

