देश की खबरें | हुल दिवस पर हुई झड़प मामले में दो गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के साहेबगंज जिले के भोगनाडीह में ‘हुल दिवस’ के मौके पर सोमवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में दो लोगों को मंगलवार को गोड्डा जिले से गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रांची, एक जुलाई झारखंड के साहेबगंज जिले के भोगनाडीह में ‘हुल दिवस’ के मौके पर सोमवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में दो लोगों को मंगलवार को गोड्डा जिले से गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और अन्य सामान जब्त किए गए हैं और एक आरोपी का झारखंड में एक राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ नेता से कथित तौर पर संबंध है।
गोड्डा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार ने संवाददाताओं को बताया, “साहेबगंज पुलिस से मिली सूचना के आधार पर हमने भोगनाडीह घटना के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।”
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमशेदपुर निवासी सुधीर कुमार और ओडिशा निवासी गणेश मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस ने सोमवार को भोगनाडीह में 'हूल दिवस' के अवसर पर आयोजित एक आधिकारिक समारोह से पहले साहेबगंज जिला प्रशासन द्वारा कथित तौर पर एक मंच को हटाए जाने का विरोध कर रहे लोगों के एक समूह पर आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े क्योंकि कुछ ग्रामीणों ने धनुष और तीर से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हो गए।
भोगनाडीह में ही आदिवासी नायकों सिदो और कान्हू मुर्मू का जन्म हुआ था। सिदो-कान्हू मुर्मू ने 1855-56 में ब्रिटिश शासन और स्थानीय जमींदारों के खिलाफ संथाल विद्रोह का नेतृत्व किया था। इस वीरगाथा की याद में 30 जून को हर साल ‘हुल दिवस’ मनाया जाता है।
गोड्डा के पुलिस अधीक्षक ने कहा, "आरोपी 20 जून से साहेबगंज जिले के बोरियो, बरहेट और साहेबगंज इलाकों में घूम रहे थे और हुल दिवस पर क्षेत्र में शांति भंग करने के लिए कथित तौर पर ग्रामीणों के बीच साड़ी, धोती और पैसे बांट रहे थे। उनके खिलाफ साहेबगंज में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हमें बाद में गोड्डा में उनकी उपस्थिति की सूचना मिली।"
उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक का संबंध एक राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ नेता से है। उन्होंने कहा, “हम इस संबंध की पुष्टि कर रहे हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 09:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

