जरुरी जानकारी | टीवी18 ब्रॉडकास्ट का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 52 प्रतिशत बढ़कर 91.2 करोड़ रुपये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. मीडिया कंपनी टीवी18 ब्रॉडकास्ट लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 51.94 प्रतिशत बढ़कर 91.20 करोड़ रुपये हो गया।
नयी दिल्ली, 18 जुलाई मीडिया कंपनी टीवी18 ब्रॉडकास्ट लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 51.94 प्रतिशत बढ़कर 91.20 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि इंडियन प्रीमियम लीग (आईपीएल) टूर्नामेंट के दौरान उसके जियो सिनेमा मंच के शानदार प्रदर्शन से शुद्ध लाभ में यह उच्च वृद्धि हुई है।
एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 60.02 करोड़ रुपये रहा था।
आलोच्य अवधि में कंपनी एकीकृत परिचालन आय दोगुना से भी अधिक होकर 3,176.03 करोड़ रुपये पर पहुंच गई जबकि साल भर पहले की समान अवधि में यह 1,265.05 करोड़ रुपये थी।
टीवी18 ब्रॉडकास्ट ने कहा कि उसके ओटीटी मंच जियो सिनेमा ने आईपीएल टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों एवं विज्ञापनदाताओं दोनों के मामले में नया मानदंड स्थापित किया। हालांकि, इसके अन्य कारोबार खंडों के विज्ञापन परिदृश्य में नरमी रही।
कंपनी ने कहा कि आईपीएल के फाइनल मैच को उसके ओटीटी मंच पर 12 करोड़ से अधिक दर्शकों ने देखा था। यह दुनियाभर में डिजिटल माध्यम पर सर्वाधिक देखा गया कार्यक्रम बन गया।
नेटवर्क18 समूह की अनुषंगी टीवी18 ब्रॉडकास्ट सीएनएन न्यूज18, एमटीवी और कलर्स जैसे टीवी चैनलों का परिचालन करती है।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)