देश की खबरें | दुर्लभ चिकित्सा परीक्षण परिणाम में सभी 12 कैंसर रोगियों में ट्यूमर गायब हुआ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अमेरिका में जारी एक चिकित्सकीय परीक्षण को विशेषज्ञों ने आशावादी करार दिया है क्योंकि छह महीने तक एंटीबॉडी दवा लेने के बाद रेक्टल कैंसर के 12 रोगियों के एक समूह में ट्यूमर के कोई लक्षण नहीं दिखे।
नयी दिल्ली, आठ जून अमेरिका में जारी एक चिकित्सकीय परीक्षण को विशेषज्ञों ने आशावादी करार दिया है क्योंकि छह महीने तक एंटीबॉडी दवा लेने के बाद रेक्टल कैंसर के 12 रोगियों के एक समूह में ट्यूमर के कोई लक्षण नहीं दिखे।
‘न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन’ में हाल में प्रकाशित शोध पत्र में कहा गया है कि परीक्षण का हिस्सा बने रोगियों के ट्यूमर पूरी तरह से गायब होने के अलावा प्रतिभागियों में से किसी ने भी कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं बताया। मरीजों की कई मेडिकल जांच हुई, शारीरिक, एंडोस्कोपी, बायोस्कोपी, पीईटी स्कैन और एमआरआई स्कैन लेकिन किसी भी रिपोर्ट में ट्यूमर नहीं दिखा।
अध्ययन के लेखकों ने कहा, ‘‘मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग पर ट्यूमर का कोई सबूत नहीं होने के साथ सभी 12 रोगियों की नैदानिक पूर्ण प्रतिक्रिया हुई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिक्रिया की अवधि का आकलन करने के लिए लंबे समय तक नजर बनाए रखने की आवश्यकता है।’’
शोधकर्ताओं ने यह पता लगाने का प्रयास किया कि क्या मानक कीमोरेडियोथेरेपी और मानक सर्जरी के बाद डोस्टारलिमैब (एंटीबॉडी दवा) ट्यूमर के लिए एक प्रभावी उपचार है।
‘मिसमैच रिपेयर’ (एमएमआर) की कमी वाली कोशिकाओं में आमतौर पर कई डीएनए म्यूटेशन होते हैं जो कैंसर का कारण बनते हैं। न्यूयॉर्क में मेमोरियल स्लोन केटरिंग कैंसर सेंटर में अलग अलग वर्ग में प्रतिभागियों को ‘रिपेयर डेफिसिएंट’ चरण दो या तीन के ‘रेक्टल एडेनोकार्सिनोमा’ के साथ किए गए परीक्षण में छह महीने तक हर तीन सप्ताह में दवा दी गई थी।
एडेनोकार्सिनोमा एक प्रकार का कैंसर है जो हमारे अंगों को किसी नली या प्रणाली से जोड़ने वाली ग्रंथियों में पनपता है। प्रारंभिक योजना के अनुसार, मानक कीमोथेरेपी और सर्जरी के बाद उपचार किया जाना था और जिन रोगियों की नैदानिक पूर्ण प्रतिक्रिया थी, वे मानक कीमोथेरेपी और सर्जरी के बिना आगे बढ़े।
कम से कम छह महीने तक मरीजों पर नजर रखने के बाद सभी 12 रोगियों ने ‘‘नैदानिक पूर्ण प्रतिक्रिया’’ दिखाई, जिसमें ट्यूमर के कोई लक्षण नहीं थे।
हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में सीनियर कंसल्टेंट, मेडिकल ओंकोलॉजिस्ट और हीमेटो-ओंकोलॉजिस्ट डॉ निखिल एस घडियालपाटिल ने पीटीआई- से कहा, ‘‘ये परिणाम आशा का किरण हैं, हालांकि यह परीक्षण के साथ-साथ उन रोगियों के लिए शुरुआती दिन हैं जो इस उपचार को शुरू करना चाहते हैं। यह दृष्टिकोण वर्तमान उपचारात्मक बहुविध उपचार दृष्टिकोण का स्थान नहीं ले सकता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)