देश की खबरें | टीटीडी अध्यक्ष ने भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में अनियमितताओं की एसीबी से जांच कराने की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अध्यक्ष बी आर नायडू ने शनिवार को कहा कि वह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू से पिछले पांच वर्षों में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में हुई सभी कथित अनियमितताओं की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से जांच कराने की मांग करेंगे।
तिरुपति(आंध्र प्रदेश), 19 अप्रैल तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अध्यक्ष बी आर नायडू ने शनिवार को कहा कि वह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू से पिछले पांच वर्षों में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में हुई सभी कथित अनियमितताओं की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से जांच कराने की मांग करेंगे।
उनकी यह टिप्पणी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी नेताओं के उन आरोपों के बीच आई है, जिनमें कहा गया है कि पिछले तीन महीनों में टीटीडी की गौशाला में 100 से अधिक गायों की मौत हुई है।
बी आर नायडू ने गौशाला के दौरे के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के लौटते ही हम पिछले पांच वर्षों में हुई सभी अनियमितताओं की एसीबी से जांच कराने का अनुरोध करने के लिए एक ज्ञापन सौंपेंगे।’’
टीटीडी अध्यक्ष के अनुसार, कुछ लोग जानबूझकर मुख्य धारा की मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से मंदिर प्रशासन के खिलाफ ‘‘झूठा अभियान’’ चला रहे हैं।
उन्होंने इन आरोपों का खंडन करते हुए पिछली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार को दोषी ठहराया और कहा कि वह अपने कार्यकाल के दौरान गायों के लिए चारा उपलब्ध कराने में भी विफल रही।
बी आर नायडू ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने (वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार ने) ओंगोल में दान की गई गायों को बेच दिया और अब वे तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) सरकार के खिलाफ झूठा प्रचार कर रहे हैं। भगवान पाप करने वालों को दंड देंगे।’’
गौशाला में गायों की कथित तौर पर मौत होने के सिलसिले में कुछ लोगों द्वारा जनहित याचिका दायर करने की धमकी दिये जाने को रेखांकित करते हुए नायडू ने कहा कि वह ऐसी कार्रवाइयों का स्वागत करते हैं, बशर्ते जनहित याचिकाओं में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के पांच साल के शासन के दौरान टीटीडी कोष के कथित दुरुपयोग के बारे में शिकायतें भी शामिल हों।
उन्होंने ऐसी कानूनी कार्यवाही में पूर्ण सहयोग का वादा किया और कहा कि तेदेपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तहत पिछले 10 महीनों के दौरान टीटीडी में ‘‘कोई अनियमितता’’ नहीं हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘धमकियां देना और ध्यान भटकाने वाली राजनीति करना अनुचित है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।’’
टीटीडी के पूर्व अध्यक्ष और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता बी करुणाकर रेड्डी ने हाल ही में आरोप लगाया था कि पिछले तीन महीनों में टीटीडी गौशाला में ‘लापरवाही’ के कारण लगभग 100 गायों की मौत हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2025 05:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

