विदेश की खबरें | ट्रंप के मध्यस्थता के प्रयासों से थाईलैंड और कंबोडिया संघर्षविराम पर बातचीत करने पर सहमत हुए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. थाईलैंड और कंबोडिया के सैनिकों के बीच सीमा पर हो रहे संघर्ष को चार दिन हो गए हैं, जिसमें अब तक 33 लोगों की जान जा चुकी है तथा 1.68 लाख लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
थाईलैंड और कंबोडिया के सैनिकों के बीच सीमा पर हो रहे संघर्ष को चार दिन हो गए हैं, जिसमें अब तक 33 लोगों की जान जा चुकी है तथा 1.68 लाख लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं से बात की है और उन्होंने कहा कि यदि दोनों के बीच संघर्ष जारी रहता है तो किसी भी देश के साथ व्यापार समझौते पर आगे नहीं बढ़ेंगे।
ट्रंप ने कहा कि थाईलैंड और कंबोडिया संघर्षविराम पर बातचीत करने के लिए सहमत हो गए हैं।
कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने रविवार को कहा कि उनका देश “तत्काल और बिना शर्त संघर्षविराम” की दिशा में कदम उठाने पर सहमत हो गया है।
मानेट ने बताया कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने उनसे कहा है कि उन्होंने (ट्रंप) ने थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई से बातचीत की है, जिसके बाद थाईलैंड भी हमले रोकने पर सहमत हो गया है।
मानेट ने एक बयान में कहा, ‘‘यह दोनों देशों के सैनिकों और लोगों के लिए अच्छी खबर है।’’
कंबोडिया के प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने उप-विदेश मंत्री प्राक सोखोन को यह जिम्मेदारी सौंपी है कि वे अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ इस संबंध में कदम उठाने पर समन्वय करें और थाईलैंड के विदेश मंत्री से सीधे संपर्क करके संघर्षविराम को लागू करें।
थाईलैंड ने इस पर समर्थन व्यक्त किया।
थाईलैंड के विदेश मंत्रालय के अनुसार, फुमथाम ने ट्रंप को धन्यवाद दिया और कहा कि थाईलैंड संघर्षविराम के संबंध में बातचीत करने के लिए तैयार है लेकिन उन्होंने कहा कि कंबोडिया को संघर्षविराम के संबंध में “ईमानदारी” दिखानी चाहिए।
इसने कहा कि फुमथाम ने शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए शीघ्र द्विपक्षीय वार्ता का आह्वान किया है।
थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर एक सुरंग में बृहस्पतिवार को हुए विस्फोट में थाईलैंड के पांच सैनिकों के घायल होने के बाद दोनों देशों के बीच संघर्ष शुरू हो गया।
कूटनीतिक प्रयासों के बावजूद, दोनों देशों की विवादित सीमा के कुछ हिस्सों में रविवार को भी संघर्ष जारी रहा। दोनों पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं हुए तथा पुनः गोलाबारी व सैन्य गतिविधियों के लिए एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे।
थाईलैंड की सेना की उप प्रवक्ता कर्नल रिचा सुक्सोवानोन्त ने कहा कि कंबोडियाई सेना ने रविवार तड़के सुरीन प्रांत में भारी गोलाबारी की।
उप प्रवक्ता ने कहा कि ट्रंप द्वारा मध्यस्थता कराने का प्रयास “एक अलग मामला” है।
उन्होंने कहा कि संघर्ष क्षेत्र में कार्रवाई जारी रहेगी और संघर्षविराम तभी हो सकता है जब कंबोडिया औपचारिक रूप से बातचीत शुरू करे।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 27, 2025 01:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

