विदेश की खबरें | ट्रंप ने प्लास्टिक के स्ट्रॉ के इस्तेमाल पर दिया जोर, आदेश पर किए दस्तखत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. ट्रंप ने संघीय खरीद नीतियों को पलटने के लिए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किया है। उन्होंने वह नीति पलट दी है जिसके तहत कागज के स्ट्रॉ की खरीद को प्रोत्साहित किया जाता था और प्लास्टिक के स्ट्रॉ पर प्रतिबंध था।
ट्रंप ने संघीय खरीद नीतियों को पलटने के लिए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किया है। उन्होंने वह नीति पलट दी है जिसके तहत कागज के स्ट्रॉ की खरीद को प्रोत्साहित किया जाता था और प्लास्टिक के स्ट्रॉ पर प्रतिबंध था।
आदेश में संघीय एजेंसियों को कागज के स्ट्रॉ खरीदना बंद करने का निर्देश दिया गया है। सरकारी एजेंसियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि दफ्तरों के भीतर अब कागज के स्ट्रॉ उपलब्ध न कराए जाएं।
ट्रंप लंबे समय से कागज से बने स्ट्रॉ के खिलाफ बोलते रहे हैं। राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार अभियान के दौरान ट्रंप ब्रांड वाले पुन: इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक स्ट्रॉ की बिक्री भी की गई थी।
ट्रंप ने इस आदेश से पूर्ववर्ती जो बाइडन प्रशासन के फैसले को पलट दिया है जिसमें 2027 तक खाद्य सेवा संचालन, आयोजनों और पैकेजिंग से स्ट्रॉ सहित एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक की संघीय खरीद को समाप्त करना और 2035 तक सभी संघीय संचालनों से समाप्त करना शामिल था।
ट्रंप ने सप्ताहांत में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन की नीति को ‘‘मृत’’ करार दिया।
प्लास्टिक के स्ट्रॉ को महासागरों को प्रदूषित करने और समुद्री जीवन को नुकसान पहुंचाने के लिए दोषी ठहराया जाता है लेकिन ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि उनका इस्तेमाल जारी रखना ‘‘ठीक है।’’
ट्रंप ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि प्लास्टिक शार्क को बहुत अधिक प्रभावित करने वाला है क्योंकि वे समुद्र में अपना रास्ता बनाते हुए भोजन खाते हैं।’’
कई अमेरिकी राज्यों और शहरों ने प्लास्टिक स्ट्रॉ पर प्रतिबंध लगाया है, और कुछ रेस्तरां अब ग्राहकों को उन्हें नहीं देते हैं।
पर्यावरण समूह ओशियाना की प्लास्टिक अभियान निदेशक क्रिस्टी लेविट ने कहा कि ट्रंप का आदेश ‘‘समाधान खोजने से ज़्यादा संदेश देने के बारे में है।’’ उन्होंने कहा कि अधिकांश अमेरिकी मतदाता कंपनियों को एकल-उपयोग वाली प्लास्टिक पैकेजिंग को कम करने की आवश्यकता का समर्थन करते हैं। लेविट ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक पर गलत दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’’
प्लास्टिक विनिर्माण उद्योग ने हालांकि ट्रंप के फैसले की सराहना की है।
‘स्ट्रॉज़ टर्टल आइलैंड रीस्टोरेशन नेटवर्क’ के अनुसार, अमेरिका में प्रतिदिन 39 करोड़ से अधिक स्ट्रॉ का उपयोग किया जाता है, जिनमें से अधिकांश का उपयोग 30 मिनट या उससे कम समय के लिए किया जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2025 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

