देश की खबरें | ट्रंप के सहयोगी ने एफबीआई प्रमुख काश पटेल की नियुक्ति पर ‘मल्हारी’ वीडियो से किया उनका स्वागत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक सहयोगी ने एफबीआई के नवनियुक्त निदेशक काश पटेल का बॉलीवुड शैली में स्वागत किया और उनका एक फर्जी वीडियो साझा किया जिसमें वह फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ के गाने ‘मल्हारी’ पर नाचते दिखाई दे रहे हैं।
न्यूयॉर्क, 21 फरवरी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक सहयोगी ने एफबीआई के नवनियुक्त निदेशक काश पटेल का बॉलीवुड शैली में स्वागत किया और उनका एक फर्जी वीडियो साझा किया जिसमें वह फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ के गाने ‘मल्हारी’ पर नाचते दिखाई दे रहे हैं।
पटेल (44) के नाम को बृहस्पतिवार को रिपब्लिकन नेतृत्व वाली सीनेट में 51 के मुकाबले 49 के मामूली अंतर से मंजूरी दे दी गई और वे देश की प्रमुख कानून प्रवर्तन एजेंसी का नेतृत्व करने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं।
उनके नाम की पुष्टि के बाद व्हाइट हाउस के पूर्व डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ डैन स्कैविनो ने रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म के गीत ‘मल्हारी’ का एक संपादित वीडियो ‘एक्स’ पर पोस्ट किया।
वीडियो में सिंह के चेहरे पर पटेल की तस्वीर लगाई गई है और वे जीत का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं।
स्केविनो ने कहा, ‘‘ एफबीआई के नए निदेशक काश पटेल को बधाई!’’
स्केविनो ट्रंप प्रशासन के पहले कार्यकाल के दौरान सोशल मीडिया के निदेशक और संचार के लिए डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ के पद पर काम कर चुके हैं। पिछले वर्ष नवंबर में ट्रंप ने स्केविनो को व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ के तौर पर नामित किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)