एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | ट्रंप ने 25 बार किया युद्ध रुकवाने का दावा और प्रधानमंत्री चुप; दाल में कुछ काला है: राहुल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मध्यस्थता संबंधी दावा फिर से किए जाने के बाद बुधवार को कहा कि ट्रंप ने ‘‘ऑपरेशन सिंदूर रुकवाने’’ की बात 25 बार की है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोई बयान नहीं दे रहे, जिससे स्पष्ट है कि ‘‘दाल में कुछ काला है।’’

देश की खबरें | ट्रंप ने 25 बार किया युद्ध रुकवाने का दावा और प्रधानमंत्री चुप; दाल में कुछ काला है: राहुल

नयी दिल्ली, 23 जुलाई लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मध्यस्थता संबंधी दावा फिर से किए जाने के बाद बुधवार को कहा कि ट्रंप ने ‘‘ऑपरेशन सिंदूर रुकवाने’’ की बात 25 बार की है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोई बयान नहीं दे रहे, जिससे स्पष्ट है कि ‘‘दाल में कुछ काला है।’’

राहुल ने यह आरोप भी लगाया कि मोदी सरकार ने विदेश नीति की धज्जियां उड़ा दी हैं और पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष के दौरान किसी देश ने भारत का समर्थन नहीं किया।

ट्रंप ने मंगलवार को ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हमने भारत और पाकिस्तान तथा कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और रवांडा के बीच युद्ध रुकवाए।’’

ट्रंप ने भारत एवं पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘उन्होंने पांच विमान मार गिराए।... मैंने उन्हें फोन किया और कहा, ‘सुनो, अब और व्यापार नहीं। अगर आप ऐसा करेंगे तो इससे आपका कोई भला नहीं होगा।’ ... वे दोनों परमाणु शक्ति संपन्न देश हैं और कौन जानता है कि इसका क्या नतीजा होता। मैंने इसे रुकवा दिया।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘पूरी दुनिया जानती है कि ट्रंप ने युद्धविराम करवाया है...हम रक्षा से जुड़ी समस्याओं, रक्षा उद्योग और ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में चर्चा करना चाहते हैं। हालात अच्छे नहीं है, पूरा देश जानता है।’’

उन्होंने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘जो अपने आप को देशभक्त कहते हैं, वो भाग खड़े हुए हैं। प्रधानमंत्री एक बयान नहीं दे पा रहे हैं। ट्रंप ने 25 बार बोला है कि मैंने युद्धविराम करवाया है। ट्रंप कौन होते हैं युद्धविराम कराने वाले। प्रधानमंत्री ने इस पर एक बार भी बयान नहीं दिया है।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘आप कह रहे हैं कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है और फिर कह रहे हैं जीत हो गई। या तो ऑपरेशन सिंदूर जारी है या फिर जीत हो गई। दूसरी तरफ ट्रंप कहते हैं कि ऑपरेशन सिंदूर उन्होंने रुकवाया। दाल में कुछ काला है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इस सरकार ने हमारी विदेश नीति की धज्जियां उड़ा दीं। किसी ने हमे समर्थन नहीं दिया।’’

ट्रंप के दावे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सरकार पर निशाना साधा।

खरगे ने यहां संवाददाताओं से कहा, "ट्रंप बार-बार कहते हैं कि उन्होंने युद्धविराम करवाया, लेकिन नरेन्द्र मोदी चुप हैं, कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब ट्रंप बार-बार कहते हैं कि उन्होंने युद्धविराम करवाया और भारत का अपमान करते हैं, तो प्रधानमंत्री को दृढ़ता से जवाब देना चाहिए। यह किसी न किसी तरह से उनकी कमज़ोरी दर्शाता है।’’

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘एक ओर मोदी सरकार संसद में पहलगाम आतंकी हमले एवं ऑपरेशन सिंदूर के मुद्दे पर चर्चा की निश्चित तारीखें देने से इनकार कर रही है और प्रधानमंत्री के जवाब देने को लेकर भी कोई आश्वासन नहीं दे रही है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपति ट्रंप इस मुद्दे पर अपने दावों की सिल्वर जुबली तक पहुंच चुके हैं।’’

उन्होंने कहा कि पिछले 73 दिनों में राष्ट्रपति ट्रंप इस विषय पर 25 बार ढिंढोरा पीट चुके हैं लेकिन भारत के प्रधानमंत्री अब तक पूरी तरह मौन हैं।

रमेश ने कटाक्ष किया, ‘‘प्रधानमंत्री के पास केवल विदेश यात्राओं और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को अस्थिर करने के लिए ही समय है।’’

दरअसल ट्रंप ने कई बार यह दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच मई महीने में हुए सैन्य संघर्ष को व्यापार समझौते के जरिए रुकवाया था।

दूसरी तरफ भारत का कहना है कि पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) के संपर्क करने के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने पर विचार किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2025 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).