एजेंसी न्यूज

अप्रैल में ट्रंप प्रचार अभियान ने 6.1 करोड़ डॉलर, बाइडेन अभियान ने 6 करोड़ डॉलर जुटाए

ये राशियां ऐसे समय जुटाई गई हैं जब विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की रफ्तार थम सी गई है और करीब 3.3 करोड़ अमेरिकियों की नौकरियां चली गई हैं।

अप्रैल में ट्रंप प्रचार अभियान ने 6.1 करोड़ डॉलर, बाइडेन अभियान ने 6 करोड़ डॉलर जुटाए

वाशिंगटन, 12 मई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुन: निर्वाचन अभियान ने अप्रैल माह में 6.17 करोड़ डॉलर की अच्छी-खासी राशि जुटाई है जबकि उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी एवं पूर्व उपराष्ट्रपति जो बाइडेन ने 6.05 करोड़ डॉलर जुटाए हैं।

ये राशियां ऐसे समय जुटाई गई हैं जब विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की रफ्तार थम सी गई है और करीब 3.3 करोड़ अमेरिकियों की नौकरियां चली गई हैं।

राष्ट्रपति चुनाव तीन नवंबर को होना निर्धारित है और ये दोनों अभियान फिलहाल ऑनलाइन माध्यमों से चंदा जुटा रहे हैं।

ट्रंप (73) नवंबर के राष्ट्रपति चुनावों में पुन: निर्वाचन की उम्मीद कर रहे हैं जबकि बाइडेन (77) डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार हैं। उन्हें अगस्त में विस्कनसिन में डेमोक्रिटक राष्ट्रीय सम्मेलन में औपचारिक रूप से नामित किया जा सकता है।

ये दोनों प्रचार अभियान बुरी तरह प्रभावित हुए हैं क्योंकि सामाजिक दूरी संबंधी नियम के चलते किसी आम सभा का आयोजन नहीं हो रहा है।

रिपब्लिकन नेशनल कमिटी (आरएनसी) ने घोषणा की कि उसकी डोनाल्ड जे. ट्रंप फॉर प्रेसिडेंट इंक, चंदा जमा करने वाली उसकी अधिकृत समितियां और आरएनसी ने अप्रैल में 6.17 करोड़ डॉलर जुटाए हैं जो अप्रैल माह के लिए रिकॉर्ड है।

इस तरह अभियान को अब तक कुल प्राप्त राशि 74.2 करोड़ डॉलर हो गई है जो इस वक्त पर ओबामा पुनर्निवाचन प्रचार अभियान द्वारा जुटाई गई राशि से 28.8 करोड़ डॉलर ज्यादा है ।

वहीं दूसरी तरफ, बाइडेन अभियान को औसत 32.63 डॉलर का ऑनलाइन चंदा मिलना संकट के इस समय में भी जन साधारण की ताकत को दिखाता है।

बाइडेन फॉर प्रेसिडेंट (बीएफपी) और डेमोक्रेटिक नेशनल कमिटी (डीएनसी) ने घोषणा की कि उसने अप्रैल में 6.05 करोड़ डॉलर चंदा जुटाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).