जरुरी जानकारी | महाराष्ट्र सरकार से आश्वासन मिलने पर ट्रक चालकों की हड़ताल 30 जुलाई तक स्थगित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ट्रक चालकों ने ई-चालान और अन्य मुद्दों पर राज्य सरकार से मिले आश्वासन के बाद शुक्रवार शाम को अपनी तीन दिन से चल रही हड़ताल महीने के अंत तक के लिए स्थगित कर दी।
मुंबई, चार जुलाई महाराष्ट्र के ट्रक चालकों ने ई-चालान और अन्य मुद्दों पर राज्य सरकार से मिले आश्वासन के बाद शुक्रवार शाम को अपनी तीन दिन से चल रही हड़ताल महीने के अंत तक के लिए स्थगित कर दी।
दिन में राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव आई एस चहल के साथ ट्रक चालकों की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया।
यातायात उल्लंघन के लिए ई-चालान प्रणाली के विरोध में बुधवार को हड़ताल शुरू हुई। बस संचालकों ने हड़ताल का समर्थन किया, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अपील के बाद उन्होंने इसमें हिस्सा नहीं लिया।
पुणे स्थित ट्रक चालकों के निकाय के पदाधिकारी बाबा शिंदे ने कहा कि बैठक के बाद हड़ताल का नेतृत्व कर रहे ट्रांसपोर्टरों की एक कार्यसमिति ‘वाहतुकदार बचाओ कृति संगठन’ ने राज्य सरकार को 30 जुलाई तक का समय देने का फैसला किया।
शिंदे ने कहा, “राज्य सरकार ने आश्वासन दिया है कि पुलिस इस महीने के अंत तक पार्किंग या ईंधन पंपों पर रुकने जैसे छोटे उल्लंघनों के लिए ई-चालान जारी नहीं करेगी। राज्य सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि वह भारी वाहनों के लिए क्लीनर या सहायक की अनिवार्य आवश्यकता का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाएगी।”
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी के बावजूद ट्रक चालकों पर क्लीनर न होने के कारण जुर्माना लगाया जा रहा है।
शिंदे ने बताया, “गलत तरीके से जारी किए गए ई-चालान को रद्द करना हमारी प्रमुख मांगों में से एक थी। महाराष्ट्र सरकार इस बारे में अधिसूचना जारी करने पर सहमत हो गई है। सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि वह 90 दिन से अधिक पुराने चालान रद्द करने की हमारी मांग पर विचार करेगी।”
परिवहन संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार ने ट्रक चालकों के समूहों के अधिक सदस्यों को शामिल करने के लिए महाराष्ट्र परिवहन आयुक्त की अध्यक्षता वाली समिति का विस्तार करने पर सहमति व्यक्त की है।
परिवहन संघों के नेताओं ने दावा किया कि पिछले तीन दिन में हड़ताल को मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान नवी मुंबई, मुंबई, ठाणे, पुणे आदि में बड़ी संख्या में ट्रक और मालवाहक वाहन सड़कों से नदारद रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2025 08:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

