एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | त्रिपुरा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बिलाल मिया पार्टी से निष्कासित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलों के बीच त्रिपुरा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बिलाल मिया को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इससे पहले मिया ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।

देश की खबरें | त्रिपुरा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बिलाल मिया पार्टी से निष्कासित

अगरतला, 24 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलों के बीच त्रिपुरा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बिलाल मिया को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इससे पहले मिया ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।

त्रिपुरा कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि मिया के इस्तीफे के बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण बुधवार को उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

हाल ही में त्रिपुरा के वरिष्ठ मंत्री रतन लाल नाथ और सुशांत चौधरी ने सिपाहीजला जिले के सोनामुरा में मिया के आवास पर उनसे मुलाकात की थी, जिसके बाद उन्हें निष्कासित किया गया।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "बिलाल मिया को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण छह साल के लिए कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया है।"

राज्य के पूर्व मंत्री मिया ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

मिया ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मलिल्कार्जुन खरगे को लिखे एक पत्र में कहा, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस बीते 44 वर्षों से मेरा घर रही है और इस दौरान मैंने विभिन्न पदों पर रहकर पार्टी की सेवा की है। फिलहाल में त्रिपुरा कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष हूं और मैं तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता के साथ-साथ कांग्रेस के सभी पार्टी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं।"

त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष कुमार साहा ने मिया को निष्कासित किया। मिया सोनामुरा उपखंड में अल्पसंख्यक मतदाताओं के लिये पार्टी का मुख्य चेहरा थे। यहां पांच सितंबर को दो विधानसभा क्षेत्रों के लिये उपचुनाव होने हैं।

मुख्यमंत्री माणिक साहा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्जी बृहस्पतिवार को बॉक्सानगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुलुबारी में एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि उपचुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री और त्रिपुरा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में मिया और सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 24, 2023 02:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).