देश की खबरें | त्रिपुरा उपचुनाव : टिपरा मोथा, माकपा, कांग्रेस ने वार्ता की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा में विधानसभा की दो सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए रणनीति बनाने के वास्ते विपक्षी दल- टिपरा मोथा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस के नेताओं की शनिवार को बैठक हुई, जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-विरोधी मतों का विभाजन रोकने को लेकर विचार विमर्श किया।

अगरतला, 12 अगस्त त्रिपुरा में विधानसभा की दो सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए रणनीति बनाने के वास्ते विपक्षी दल- टिपरा मोथा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस के नेताओं की शनिवार को बैठक हुई, जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-विरोधी मतों का विभाजन रोकने को लेकर विचार विमर्श किया।

सिपाहीजला जिले की धनपुर और बॉक्सानगर सीट पर पांच सितंबर को उपचुनाव होंगे।

बैठक के बाद, विपक्ष के नेता टिपरा मोथा के अनिमेष देववर्मा ने कहा कि (बैठक में) उपचुनावों के संदर्भ में प्रारंभिक चर्चा हुई।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "आज, हमने आगामी उपचुनावों पर माकपा और कांग्रेस के साथ प्रारंभिक चर्चा की। हमारा मुख्य उद्देश्य भाजपा-विरोधी मतों के विभाजन को रोकना है।"

देववर्मा ने कहा कि फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं थे, जबकि भाजपा को 40 फीसदी से कम ही वोट मिले थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हम उपचुनावों में इसे दोहराना नहीं चाहते हैं। मैंने माकपा और कांग्रेस दोनों के विचार सुने हैं और इस पर अंतिम निर्णय लेने के लिए उन्हें अपने नेतृत्व के समक्ष रखूंगा।’’

उन्होंने कहा, "टिपरा मोथा लोगों की इच्छा के अनुरूप उपचुनाव में आमने-सामने की लड़ाई सुनिश्चित करना चाहता है। बेशक, मैं इस मामले में अंतिम निर्णय नहीं ले सकता।"

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा ने कहा कि (दोनों सीट पर) उपचुनाव कैसे लड़ा जाए, इस पर प्रारंभिक चर्चा हुई। उन्होंने बताया, "बैठक में कोई ठोस चर्चा नहीं हुई। अंतिम फैसला उचित समय पर लिया जाएगा।"

बॉक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव माकपा विधायक शमशुल हक की मृत्यु के कारण आवश्यक हो गया था। हक ने फरवरी में लगभग 5,000 वोटों से बाजी मारी थी। भाजपा को दूसरे स्थान और टिपरा मोथा को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण उस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया है। भौमिक को 19,148 और माकपा को 15,648 वोट मिले, जबकि टिपरा मोथा को 8,671 मतों से संतोष करना पड़ा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\