देश की खबरें | त्रिपुरा उपचुनाव: दो सीट पर अपराह्न तीन बजे तक 76 प्रतिशत मतदान, छिटपुट हिंसा में छह व्यक्ति घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में मंगलवार अपराह्न तीन बजे तक औसतन 76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
अगरतला, पांच सितंबर त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में मंगलवार अपराह्न तीन बजे तक औसतन 76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि धनपुर विधानसभा क्षेत्र के 59 और बॉक्सानगर के 51 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और मतदान शाम चार बजे तक होगा।
पुलिस ने कहा कि धानपुर विधानसभा क्षेत्र के मोहनभोग में कुछ ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले में छह व्यक्ति घायल हो गए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों ने पांच मोटरसाइकिल में आग लगा दी, जिससे तनाव उत्पन्न हो गया, लेकिन स्थिति नियंत्रित किया गया। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वे खतरे से बाहर हैं।
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं लोगों से मतदान के दौरान शांति बनाए रखने और पिछले विधानसभा चुनाव की तरह शांतिपूर्ण मतदान की मिसाल दोहराने का आग्रह करता हूं।’’
पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर बॉक्सानगर से जीत दर्ज करने में असफल रहे तफज्जल हुसैन इस बार क्षेत्र में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार मिजान हुसैन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
बॉक्सानगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 43,087 मतदाताओं में से 66 प्रतिशत मतदाता अल्पसंख्यक हैं। फरवरी में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में माकपा इस सीट को बरकरार रखने में कामयाब रही थी।
वहीं, कभी वाम का गढ़ माने जाने वाले धनपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बिंदु देबनाथ और माकपा के कौशिक देबनाथ के बीच मुकाबला है। इस सीट पर 50,346 मतदाता मतदान के पात्र हैं। सात महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार इस सीट पर जीत हासिल की थी।
कांग्रेस और टिपरा मोथा ने इन दो सीट पर उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।
माकपा विधायक समसुल हक के निधन के कारण बॉक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।
मतों की गिनती आठ सितंबर को की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)