देश की खबरें | तृणमूल सांसद ने चौहान को ‘दलाल’ बोला, भाजपा ने माफी की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के लिए लंबित केंद्रीय निधि को लेकर मंगलवार को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह ‘अमीरों के दलाल’ हैं।

नयी दिल्ली, 25 मार्च तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के लिए लंबित केंद्रीय निधि को लेकर मंगलवार को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह ‘अमीरों के दलाल’ हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार करते हुए तृणमूल सांसद से उनके इस ‘अपमानजनक’ बयान के लिए माफी की मांग की।

बनर्जी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि पश्चिम बंगाल के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण गारंटी योजना (मनरेगा) और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना (पीएमएवाईजी) जैसी योजनाओं के तहत केंद्रीय धनराशि पिछले तीन वर्षों से लंबित है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘शिवराज सिंह चौहान अमीरों के दलाल हैं... वह गरीबों के लिए काम नहीं करते और इसलिए उन्हें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया।’’

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें पिछले तीन वर्षों से धन नहीं दिया गया है। वे कह रहे हैं कि कुछ विसंगतियां हैं... (मनरेगा के तहत) 25 लाख फर्जी जॉब कार्ड हैं... हमने उनसे फर्जी कार्डों के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही आगे बढ़ाने के लिए कहा है, लेकिन वे पश्चिम बंगाल के 10 करोड़ लोगों को धन से वंचित नहीं कर सकते।’’

बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल को धनराशि जारी नहीं की गई क्योंकि भाजपा 2021 का विधानसभा चुनाव जीतने में विफल रही।

भाजपा नेता और कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बनर्जी के आरोपों को खारिज किया और कहा कि तृणमूल नेता को असंसदीय का इस्तेमाल करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\