देश की खबरें | तृणमूल कांग्रेस नेता लुईजिन्हो फलेरियो ने बंगाल से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुईजिन्हो फलेरियो ने पश्चिम बंगाल में आगामी राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपनी नयी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
कोलकाता, 15 नवंबर गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुईजिन्हो फलेरियो ने पश्चिम बंगाल में आगामी राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपनी नयी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
कई दशक तक कांग्रेस में रहने के बाद फलेरियो गत सितंबर में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
टीएमसी ने गत शनिवार को फलेरियो को 29 नवंबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था। फलेरियो को गत अक्टूबर में तृणमूल कांग्रेस का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था।
फलेरियो ने नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे यह अवसर देने के लिए मैं अपनी पार्टी की प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आभारी हूं। मैं संसद में लोगों के मुद्दों को उठाऊंगा। ममता बनर्जी वर्तमान में देश की सबसे मजबूत विपक्षी आवाज हैं।’’
29 नवंबर को राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव टीएमसी सांसद अर्पिता घोष के राज्यसभा से इस्तीफे देने के कारण कराना जरूरी हो गया है। मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने उपचुनाव के लिए उम्मीदवार की अभी घोषणा नहीं की है।
इस साल की शुरुआत में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद टीएमसी भाजपा शासित गोवा और त्रिपुरा में अपना आधार विस्तारित करने की कोशिश कर रही है। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा के लिए चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)