नयी दिल्ली, 11 फरवरी केंद्रीय बजट को बंगाल विरोधी बताने के तृणमूल कांग्रेस सदस्यों के दावों को खारिज करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ दल उत्पीड़न का प्रतीक बन गया है और उसने राज्य में भ्रष्टाचार को संस्थागत बनाया है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल के लिए बजट में कुछ नहीं दिए जाने संबंधी तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी और अन्य कुछ सदस्यों के आरोपों पर कहा कि राज्य में फरवरी 2024 में कल्याणी में एक एम्स की शुरुआत हुई और राज्य को रेलवे में 13955 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन किया गया है।
वित्त मंत्री ने लोकसभा में केंद्रीय बजट पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि 2014 से अब तक राज्य में 1293 किलोमीटर नयी ट्रेन पटरियों का और 2000 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण हुआ है।
वित्त मंत्री ने बंगाल में रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, उड़ान योजना के तहत हवाई अड्डों के परिचालन, मेट्रो, पीएम आवास योजना के तहत मकानों के निर्माण आदि का विवरण दिया।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में केंद्र द्वारा वित्तीय अवरोध पैदा करने के तृणमूल कांग्रेस सांसदों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि 2016-17 से राज्य में लागू पीएम आवास योजना ग्रामीण में केंद्रीय हिस्से के रूप में 25,798 करोड़ जारी किये गये, लेकिन इसमें अनियमितताओं की शिकायतें आईं।
सीतारमण ने कहा कि इस योजना में अपात्र लाभार्थियों का चयन करने की शिकायतें आईं, वहीं मनरेगा में भी इसी तरह की शिकायतें आईं।
उन्होंने कहा, ‘‘मनरेगा में 25 लाख फर्जी जॉब कार्ड बनाए गए और इनके कार्यकर्ताओं ने लूट की। राज्य में राशन माफिया बढ़ रहा है।’’
सीतारमण ने कहा कि तृणमूल के वास्तविक अर्थ से भटकते हुए पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी राज्य में उत्पीड़न का प्रतीक बन गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को संस्थागत बना दिया है।’’
उन्होंने कहा कि बंगाल में प्रति व्यक्ति आय 20 साल से राष्ट्रीय औसत से कम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY