कोलकाता, सात जून पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में एक साल से भी कम समय शेष रह जाने को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा ने राजनीतिक मुकाबले के लिए तैयारियां शुरू कर दी है।
दोनों दल लॉकडाउन के बीच वर्चुअल (ऑनलाइन) माध्यमों से लोगों से संपर्क साधने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के कारण सामाजिक दूरी और लोगों के बीच आपस में कम से कम संपर्क रखना आवश्यक हो गया है, ऐसे में पश्चिम बंगाल में पार्टियां चुनाव प्रचार करने और लोगों का समर्थन हासिल करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं।
कोविड-19 , प्रवासी श्रमिकों के संकट और चक्रवात ‘अम्फान’ से निपटने को लेकर भाजपा एवं तृणमूल कांग्रेस एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रही हैं।
यह भी पढ़े | मुंबई के धारावी में कोरोना के 13 नए मामले पाए गए : 7 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
दोनों दलों ने विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर मुहिम चलाने और इन मुद्दों पर एक-दूसरे को घेरने की तैयारी कर ली है।
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति तैयार करने के वास्ते पांच जून को अपने पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिये बैठक की।
प्रदेश भाजपा नौ जून को अपनी रणनीति तैयार करेगी और इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह वर्चुअल रैली आरंभ करेंगे।
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस नीत सरकार के कुशासन को उजागर करने और लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए कार्य योजना तैयार करना आवश्यक है।
घोष ने ‘पीटीआई ’ से कहा, ‘‘हम बता सकते हैं कि अमित शाह जी 2021 विधानसभा चुनाव के लिए वर्चुअल मुहिम शुरु करेंगे। कोविड-19 के कारण रैलियां या जनसभा आयोजित करना संभव नहीं है, इसलिए हम लोगों से संपर्क साधने और तृणमूल कांग्रेस के कुशासन को उजागर करने के लिए सोशल मीडिया मुहिमों का सहारा ले रहे हैं। कोविड-19 और चक्रवात अम्फान आगामी वर्ष में होने वाले चुनाव में मुख्य चुनावी मुद्दा होंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY