ताजा खबरें | लोकसभा में दो मौजूदा, 11 पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. संसद के मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को सदन को दो मौजूदा और अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल सहित 11 पूर्व दिवंगत सदस्यों के निधन की जानकारी दी तथा सदस्यों ने कुछ पल मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
नयी दिल्ली, 20 जुलाई संसद के मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को सदन को दो मौजूदा और अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल सहित 11 पूर्व दिवंगत सदस्यों के निधन की जानकारी दी तथा सदस्यों ने कुछ पल मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन के दो मौजूदा सदस्यों रतन लाल कटारिया और सुरेश नारायण धनोरकर के निधन की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कटारिया अंबाला संसदीय सीट से वर्तमान लोकसभा थे। उन्होंने कहा कि वह 13वीं एवं 16वीं लोकसभा के सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कई संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे। उनका निधन 18 मई 2023 को हुआ था।
सुरेश नारायण धनोरकर महाराष्ट्र के चंद्रपुर सीट से वर्तमान लोकसभा के सदस्य थे। उनका निधन 30 मई 2023 को हुआ था।
बिरला ने बताया कि प्रकाश सिंह बादल छठी लोकसभा के सदस्य थे। वह पांच कार्यकालों के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने पंजाब के साथ देश के सम्पूर्ण विकास में योगदान दिया। उन्होंने हमेशा किसानों के हितों की चिंता की।
प्रकाश सिंह बादल का निधन 23 अप्रैल 2023 को 95 वर्ष की आयु में हुआ था।
लोकसभा अध्यक्ष ने सुजान सिंह बुंदेला, संदीपन थोराट, डा. विश्वनाथन कानिथी, अतीक अहमद, त्रिलोचन कानूनगो, इलियास आजमी, अनादि चरण दास, निहाल सिंह और राजकरण सिंह के निधन का भी जिक्र किया।
निचले सदन में दिवंगत सदस्यों को सदन में कुछ पल मौन रह कर श्रद्धांजलि दी गई । इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने सदन की कार्यवाही करीब 11 बजकर 10 मिनट पर अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री सदन में मौजूद थे। सदन में कांग्रेस की संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, द्रमुक नेता टी आर बालू आदि उपस्थित थे।
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 20, 2023 12:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

