ताजा खबरें | सतीश शर्मा, रामा जोइस और विद्यासागर निषाद को राज्यसभा में दी गयी श्रद्धांजलि
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा में सोमवार को तीन दिवंगत पूर्व सदस्यों.. कांग्रेस नेता सतीश शर्मा, न्यायविद रामा जोइस और राजद नेता विद्यासागर निषाद के निधन पर शोक जताया गया।
नयी दिल्ली, आठ मार्च राज्यसभा में सोमवार को तीन दिवंगत पूर्व सदस्यों.. कांग्रेस नेता सतीश शर्मा, न्यायविद रामा जोइस और राजद नेता विद्यासागर निषाद के निधन पर शोक जताया गया।
बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन सभापति एम वैंकया नायडू ने उच्च सदन को इन तीनों पूर्व सदस्यों के निधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यासागर निषाद का निधन पिछले दिनों 80 वर्ष की आयु में हुआ।
उन्होंने बताया कि निषाद ने जून 2004 से अप्रैल 2006 तक उच्च सदन में बिहार का प्रतिनिधित्व किया। नायडू ने निषाद को एक कुशल सांसद और योग्य प्रशासक बताते हुए उन्हें पूरे सदन की ओर से श्रद्धांजलि दी।
सभापति ने कहा कि मशहूर न्यायविद तथा पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रामा जोइस का 16 फरवरी 2021 को 89 वर्ष की आयु में निधन हुआ। रामा जोइस बिहार एवं झारखंड के राज्यपाल भी रह चुके थे।
नायडू ने कहा कि रामा जोइस एक मशहूर न्यायविद् और कई पुस्तकों के लेखक थे। रामा जोइस जून 2008 से जून 2014 तक उच्च सदन के सदस्य थे। सभापति ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह एक योग्य सांसद, प्रख्यात न्यायविद और योग्य प्रशासक थे।
उन्होंने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सतीश शर्मा का 17 फरवरी 2021 को 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। शर्मा पेशे से पायलट थे।
नायडू ने बताया कि शर्मा तीन बार राज्यसभा के सदस्य रहे। पहले वह 1986 से 1991, फिर 2004 से 2010 तथा उसके बाद 2010 से 2016 तक उच्च सदन के सदस्य रहे। उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए नायडू ने कहा कि वह कुशल प्रशासक और योग्य सांसद थे।
इसके बाद सदस्यों ने अपने स्थान पर खड़े होकर इन दिवंगत पूर्व सदस्यों के सम्मान में कुछ पलों का मौन रखा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 08, 2021 10:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

